बलिया। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिले में मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत 28 सीटर बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। इस योजना के तहत जिले के प्रत्येक ब्लॉक में दो-दो छोटी बसें चलाई जाएंगी।
इससे ग्रामीणों को ब्लॉक और जिला मुख्यालय तक आने-जाने में सीधी सहूलियत मिलेगी। इन बसों का संचालन अनुबंध के तहत होगा। इसके के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 28 मार्च निर्धारित की गई है, जिसके लिए अब तक 20 से अधिक बस मालिकों ने रुचि दिखाई है।
योजना के अनुसार, ये बसें सुबह 6 बजे गांवों से निकलकर 10 बजे तक जिला मुख्यालय पहुंचेंगी और शाम 4 से 8 बजे के बीच वापस लौटेंगी। वाहन स्वामियों को परमिट शुल्क में 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, बदले में उन्हें निगम को मात्र 1500 रुपये मासिक शुल्क देना होगा।
एआरएम कार्यालय के अनुसार, दुर्घटना की स्थिति में मुआवजे की जिम्मेदारी वाहन स्वामी की होगी और चालक-परिचालक उसी क्षेत्र के रखे जाएंगे ताकि उन्हें रहने-खाने की असुविधा न हो। यह पहल न केवल यातायात सुगम बनाएगी बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा करेगी। संवाद