बलिया। वाराणसी में होने वाली 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबाॅल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की सीनियर पुरुष टीम के मैनेजर की भूमिका निरंजन राय निभाएंगे। 4 से 11 जनवरी तक वाराणसी के डॉ. संपूर्णानंद स्टेडियम सिगरा में होने वाली सीनियर नेशनल में उत्तर प्रदेश टीम के मैनेजर की भूमिका के लिए चयनित निरंजन जनपद के सोहांव ग्राम के निवासी हैं तथा प्रधान महालेखाकार कार्यालय, प्रयागराज में सेवारत हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चार जनवरी को चैंपियनशिप का उद्घाटन करेंगे। प्रतियोगिता में देश के 37 पुरुष एवं 36 महिला टीमें भाग लेंगी।
उत्तर प्रदेश टीम के मैनेजर निरंजन राय खिलाड़ी के रूप में भी सीनियर नेशनल में प्रतिभाग कर चुके हैं। उनको जिम्मेदारी मिलने पर जिला वॉलीबाल एसोसिएशन प्रयागराज के अध्यक्ष प्रभात कुमार राय, क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव, जिला वॉलीबाल एसोसिएशन बलिया के चेयरमैन अजीत राय, अध्यक्ष डॉ. कुंवर अरुण सिंह, सचिव नीरज राय, रामाश्रय राय आदि ने बधाई दी।