नगर के बाबा बालेश्वर मंदिर, गोला रोड स्थित कैलाश धाम, मिड्ढी स्थित शिव मंदिर से शुक्रवार को भव्य शिव बारात निकाली गई। बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर से भोले नाथ की बारात करीब चार बजे निकाली गई। बारात नगर के विभिन्न मार्ग होते हुए पुन: शाम को मंदिर पहुंची। जहां मंदिर परिसर में महिलाओं ने मांगलिक गीत गाया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा की पालकी निकाली। जिससे पूरा नगर शिवमय हो गया।
बाबा भोले नाथ की बारात मंदिर से निकलकर जापलिनगंज नया चौक, तहसील स्कूल, एलआईसी रोड, मालगोदाम रोड, स्टेशन रोड, स्टेशन-चौक रोड, गुदरी बाजार रोड, लोहापट्टी, चमन सिंह बागरोड, महावीर घाट रोड, विजय टाकिज रोड होते हुए पुन: बालेश्वर मंदिर पहुंचा। बाबा के बारात में हजारों नर-नारियों ने सहभागिता की।
बाबा के बारात में गाजे-बाजे एवं विभिन्न प्रकार की भोले नाथ के विभिन्न स्वरूपों तथा राक्षसों की झांकियां निकाली गईं। जो बारात की शोभा बढ़ा रही थीं। इस बारात में अंग्रेजी बाजा सहित विभिन्न प्रकार के बाजे व डीजे शामिल रहे। इसके अलावा हाथी, घोड़े व ऊंट भी शामिल रहे।
उधर, मिड्ढी स्थित शिव मंदिर से बारात निकलकर मिड्ढी चौराहा, टीडी चौराहा, कुंवर सिंह चौराहा, पुलिस लाइन, एनसीसी तिराहा, कोतवाली रोड, काजीपुरा रोड, एससी कालेज चौराहा, मालगोदाम रोड, स्टेशन-चौक रोड, विजय टाकिज रोड, एलआईसी रोड होेते हुए पुन: मंदिर पर पहुंचा। बारात के बाद जिले के प्रमुख शिवालय प्रांगणों में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। वहीं महिलाओं ने मांगलिक गीत भी गाया।