बलिया। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित जननायक चंद्रशेखर फेफना खेल महोत्सव के तहत रतसड़ क्लस्टर की खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शनिवार को पुरस्कृत किया गया। रतसड़ इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि चीनी मिल के डायरेक्टर एवं पूर्व चेयरमैन कमलेश सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के सब जूनियर बालक कबड्डी फाइनल में उच्च प्राथमिक विद्यालय निहालपुर ने आईपीएस कॉन्वेंट स्कूल को 22-13 से हराकर खिताब जीता। जूनियर बालिका कबड्डी में रतसड़ इंटर कॉलेज ने शिवजी इंटर कॉलेज को 28-21 से पराजित किया। वहीं जूनियर बालक वर्ग में शिवम एकादश ने बंगला बदनपुरा को रोमांचक मुकाबले में 15-13 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
जूनियर बालक क्रिकेट में सरस्वती भवन रतसड़ ने अमडरिया क्रिकेट क्लब को 11 रन से शिकस्त दी। सीनियर बालक क्रिकेट में पंचखोरा क्रिकेट क्लब ने चार विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। बालिका रस्साकशी में शिवजी इंटर कॉलेज ने रतसड़ इंटर कॉलेज को हराया, जबकि जूनियर बालक वर्ग में शिवम एकादश ने शिवजी सिंह इंटर कॉलेज को पराजित किया। जूनियर बालक फुटबॉल में नादौली ने तपनी को 4-1 से हराकर जीत हासिल की।
खेल महोत्सव के आयोजक पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया। साथ ही रतसड़ क्लस्टर के विजेता खिलाड़ियों को 26 से 30 नवंबर तक नरही में आयोजित होने वाले ग्रैंड फाइनल के लिए आमंत्रित किया।
प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका सच्चिदानंद राय, अनूप राय, सचिन उपाध्याय, शमशाद खान, चंदन गुप्ता, सरदार वर्मा, राहुल राय, शिवदयाल यादव, रिंकू उपाध्याय, पवन पांडेय और बलवंत सिंह आदि ने निभाई। इस दौरान उपेंद्र पांडेय, विजय प्रकाश वर्मा, मनोज सिंह, टुनटुन उपाध्याय, वेद खरवार, मनोज यादव, अशोक सिंह, अमित सिंह, आदि मौजूद रहे। संचालन मंडल अध्यक्ष उमेश सिंह ने किया।