बलिया। गर्मी में शहर सहित आसपास के गांवों में लाोगों को बिजली से जुड़ी समस्याओं से जूझना नहीं पड़ेगा। इसके लिए बिजली निगम अभी से तैयारियों में जुट गया है। विद्युत वितरण निगम की तरफ से शहर के आसपास 11 स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 103 स्थानों पर रखे गए ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता बढ़ाकर दोगुनी कर दी जाएगी। इसके लिए निगम की तरफ से 14 करोड़ से अधिक खर्च किए जाएंगे।
शहर के 25 वार्ड में करीब दो लाख से अधिक लोग निवास करते हैं। गर्मी शुरू होते ही शहर सहित आसपास के लोग लो-वोल्टेज और बार-बार फाॅल्ट की समस्या से परेशान हो जा रहे है। विद्युत कटौती की समस्या से निजात के लिए जनता ने कई बाद नए ट्रांसफार्मर लगाने व क्षमता वृद्धि् के साथ जर्जर हो चुके बिजली पोल और तार बदलवाने की मांग कर रहे थे। इसके बाद बिजली लोड की वास्तविकता जानने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर लगाने के लिए सर्वे कराया था। निगम की तरफ से नए ट्रांसफार्मर लगाने व क्षमता वृद्धि् के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। इन कार्यों की निगम की तरफ से टेंडर प्रक्रिया भी हो गई है। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता नरेंद्र प्रकाश ने बताया कि गर्मी के पहले बिजली सुचारू रूप से देने के लिए नए ट्रांसफार्मर लगाने व क्षमता वृद्धि् का कार्य प्रगति पर है। निगम का पूरा प्रयास है कि लोगों को निर्बाध बिजली सप्लाई दी जाए।