सांसद की पहल पर जनपदवासियों को नई ट्रेन की सौगात शनिवार को मिल गई। इंदौर-गुवाहाटी ट्रेन को रही झंडी दिखाकर सांसद भरत सिंह ने गुवाहाटी के लिए रवाना किया। इस ट्रेन के संचालन के लिए सालों से जनपदवासियों की ओर से मांग की जा रही थी।
रेल मंत्री सुरेश प्रभु की ओर से जनपदवासियों को दी गई इंदौर-गुवाहाटी विशेष ट्रेन संख्या 09307 को सात जुलाई को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह ट्रेन जब बलिया रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो सांसद भरत सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने ट्रेन का स्वागत किया। सांसद ने कहा कि बाबा भृगुमुनि की धरती अब महाकाल की धरती इंदौर से जुड़ गई। इस ट्रेन संचालन से जहां व्यापारियों को लाभ मिलेगा वहीं जनपदवासियों को विभिन्न धार्मिक नगरी का सफर भी आसान हो जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार जताया।
गाड़ी संख्या 19305/19306 इन्दौर-गुवाहाटी वाया वाराणसी, गाजीपुर, छपरा साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन 13 जुलाई से प्रत्येक वृहस्पतिवार को इन्दौर से एवं 16 जुलाई से प्रत्येक रविवार को गुवाहाटी से किया जाएगा।
नियमित गाड़ी संख्या 19305 इन्दौर-गुवाहाटी वाया वाराणसी, गाजीपुर सिटी, छपरा साप्ताहिक एक्सप्रेस इन्दौर से 14 बजे प्रस्थान कर देवास, उज्जैन, सुजालपुर, बैरागढ़, विदिशा, बीना, ललितपुर, झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, सुल्तानपुर, जौनपुर सिटी, वाराणसी, औड़िहार, गाजीपुर सिटी होते हुए बलिया 14.45 बजे पहुंचेगी। यहां से छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, नौगछिया, कटिहार, किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी, बीनागुड़ी, हासीमारा, अलीपुर द्वार, कोकराझार, न्यू बोगाईगांव, कामाख्या रुकते हुए तीसरे दिन गुवाहाटी 14.25 बजे पहुंचेगी। वापसी यात्रा में नियमित गाडी संख्या 19306 पूर्व के स्टेशनों पर रुकते हुए दूसरे दिन बलिया से 01.45 बजे चलेगी और तीसरे दिन इन्दौर 07.10 बजे पहुंचेगी।