बलिया। शहर के पांच नालों और चार क्रास डेन की सफाई के लिए नगर पालिका का माइक्रो प्लान धरातल पर उतरने से पहले ही ठेकदार की मनमानी से धराशायी होता नजर आ रहा है। हालांकि नपा के अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार की ओर से 15 जून को नाला सफाई के लिए नोडल बनाए गए नपा के एई नीरज कुमार ने ठेकेदार की ओर से लगातार कामगार बुलाने का आश्वासन देने को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
शहर की नालों की अब तक सफाई नहीं होने पर जिलाधिकारी एमपी सिंह ने शनिवार को नाराजगी जताई थी। इसके बाद रविवार को नगर पालिका की ओर से नाला सफाई के लिए माइक्रो प्लान बनाया गया था। साथ ही नाला सफाई का नोडल अधिकारी एई नीरज कुमार, सहनोडल अधिकारी जेई शशि प्रकाश और पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अहमद नदीम को दी गई थी। साथ ही ठेकेदार को 21 जून के तक नाला सफाई का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन दो दिन बाद भी माइक्रो प्लान पर कार्य आरंभ नहीं हुआ और ठेकेदार द्वारा मजदूरों के आने का लगातार कोरा आश्वासन देने के बाद सोमवार को एई नीरज कुमार ने ठेकेदार अरुण सिंह चंचल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं, ठेकदार ने अरुण सिंह चंचल ने भी नगर पालिका की ओर से नोटिस दिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि 19 जून तक मजूदर आ जाएंगे। उसके बाद नाला की सफाई तीव्र गति से कराई जाएगी।
अब तक जारी हो चुके हैं तीन नोटिस
नगर में नाला सफाई का कार्य निर्धारित अवधि में पूरा नहीं करने पर नगर पालिका की ओर से अब तक तीन बार ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है, लेकिन ठेकेदार ने कभी नगर पालिका की नोटिस को गंभीरता से नहीं लिया। नोडल अधिकारी एई नीरज कुमार ने बताया कि ठेकेदार लगातार बाहर से मजदूरों के आने का आश्वासन देकर नपा प्रशासन को गुमराह करता रहा है। बताया कि ठेकेदार को पहला नोटिस 28 मई, दूसरा नोटिस 13 जून और तीसरा नोटिस 16 जून को दिया गया है।
माइक्रो प्लान में इन नालों की होनी थी सफाई
नगर पालिका की ओर से बनाए गए माइक्रो प्लान के तहत मुख्य पांच नालों और चार क्रास डेन की सफाई पांच टीमों के 35 कर्मचारियों के माध्यम से 15 से 21 जून तक कराई जानी हैं। इसके तहत मिड्डी चौराहा से टीडी काॅलेज चौराहा होते हुए जिलाधिकारी आवास होते हुए परमंदापुर पुलिया, मिड्ढी चौराहा से एनसीसी तिराहा होते हुए कुंवर सिंह चौराहा से विकास भवन होते हुए परमन्दापुर पुलिया, काजीपुरा ढाला से मिड्ढी मोड़ दोनों तरफ घूम बाबा से जटहा बाबा मन्दिर होते हुए कब्रिस्तान आवास विकास तथा मिड्ढी मोड़ से महुआ मोड़, कुंवर सिंह चौराहा से पनामा टाकिज होते हुए पालिका सीमा और एससी काॅलेज से दुर्गा मन्दिर होते हुए चौरसिया पान की दुकान तक नाला सफाई का कार्य कराया जाना है। इसके अलावा गंगेज होटल, अमृत कुआं शास्त्री पार्क, जापनिगंज पुलिस चौकी और मिड्ढी चौराहा तक क्रास डेन की सफाई कराने का माइक्रो प्लान बना है।