नरही। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरूद्घ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को नरही पुलिस ने उजियार तिराहा व भरौली-बक्सर सीमा के पास वाहन चेकिंग के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। वहीं एक बदमाश के पास से एक तमंचा, छह कारतूस के साथ ही स्विफ्ट कार भी बरामद किया।
नरही थानाध्यक्ष ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि भरौली बक्सर-बिहार बार्डर पर उप निरीक्षक कुलदीप सिंह हमराहियों के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसीबीच गाजीपुर से बक्सर की ओर जा रही मारूति स्विफ्ट कार पहुंची। जिसकी चेकिंग की गई तो वाहन चालक संजय यादव पुत्र हरेराम यादव निवासी कस्बा केराकत थाना केराकत जनपद जौनपुर के कब्जे से 32 बोर के चार कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेते हुए युवक को हिरासत में ले लिया। उधर, उजियार तिराहा पर चेकिंग के दौरान थाना क्षेत्र के उजियार गांव निवासी संतोष रजक पुत्र सूर्यनाथ रजक को पकड़ा और उसके पास से एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किया गया। पकड़े गए युवकों के खिलाफ पुलिस ने आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई रविंद्र नाथ पांडेय, कांस्टेबल स्वतंत्र कुमार, चंदन यादव, रोहित साहू, इमरान खान आदि रहे।