सिविल सेवा पुरस्कार समारोह को संबोधित करते प्रधानमंत्री
- फोटो : ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज्ज्वला योजना का शुभारंभ करने रविवार को आ रहे हैं। इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मी तैनात कर दिए गए है। उनके आने-जाने के रास्तों और कार्यक्रम स्थल के आसपास के मकानों की छतों से लेकर सड़क के दोनों तरफ पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। जगह-जगह खुफिया कैमरे लगाए गए हैं। कई मोबाइल टीमें भी गश्त कर रही हैं। मंच को देर शाम एसपीजी ने अपने कब्जे में लिया। वहां पहुंचने और वहां से निकलने के लिए उनकी अनुमति जरूरी है।
पीएम के कार्यक्रम में मंच पर दो सीढ़ी बनाई गई है। एक सीढ़ी का इस्तेमाल केवल प्रधानमंत्री करेंगे, जबकि दूसरी सीढ़ी से अन्य अतिथि जाएंगे। शनिवार को कई अधिकारियों ने मंच की बारी-बारी से जांच की। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों एसपीजी, एनएसजी, एटीएस, आईबी, एलआईयू और बम निरोधक दस्ते पूरे दिन डटे रहे। पीएम के कार्यक्रम के 24 घंटे पहले ही पूरे कार्यक्रम स्थल, हैबतपुर गांव तथा गंगा व तमसा के तटवर्ती इलाके की पूरी नाकेबंदी कर दी गई है। हर संदिग्ध की चेकिंग की जा रही है।
नदी के रास्तों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नगर सहित कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर कई खुफिया कैमरे लगाए गए हैं। एसपीजी और आईबी के अधिकारियों ने हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल को पूरी तरह से कवर कर लिया है। कार्यक्रम स्थल पर 100-100 मीटर की दूरी पर एक-एक अधिकारी को लगाया
गया हैं।