जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने जाते विभिन्न कालेज के छात्रनेता।
नगर में फैली दुर्व्यवस्था और नगर पालिका की उदासीनता के विरोध में शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ता रिपुंजय रमण पाठक के नेतृत्व में छात्रों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। इस दौरान जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीएम बच्चा लाल मौर्य को सौंपा। छात्रों ने चेताया कि अगर एक सप्ताह के अंदर अध्यक्ष अपने कार्यालय पर उपस्थित होकर नगर का विकास आरंभ नहीं कराते हैं तो हम छात्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन में कहा है कि शहर की सभी प्रमुख सड़कें जैसे चित्रगुप्त रोड, हनुमानगंढ़ी से भाखर निवास मार्ग, विक्रमादित्य मार्ग, कचहरी मार्ग, मिड्ढी से एनसीसी तिराहा मार्ग, पुलिस लाइन मार्ग, विकास भवन मार्ग सहित अन्य कई सड़कें गड्ढों में बदल चुकी हैं। लेकिन नगर पालिका प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठे हुए हैं।
यहीं नहीं नगर के सभी वार्डों की नालियां सफाई के अभाव में बजबजा रही हैं। जबकि मानसून आने में चंद दिन ही रह गए हैं। चेताया कि अगर एक सप्ताह के अंदर कार्य आरंभ नहीं हुआ तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन देने वालों में कुलवर्धन ओझा, विजय बहादुर यादव, लक्ष्मी पंडित, सर्वेश्वर पांडेय, राम बहादुर यादव, मनीष गुप्ता, अनूप सिंह, टिंकू राय, अमल तिवारी, प्रिंस पांडेय, पंकज पांडेय, पवन पांडेय, मोनू गिरि आदि मौजूद रहे।