रसड़ा। नगर के नवीन कृषि मंडी स्थित आयुष हॉस्पिटल में रविवार की देर रात प्रसव के दौरान प्रसूता की मौत पर परिजनों ने हंगामा किया। हॉस्पिटल छोड़कर चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी भाग गए। पुलिस शव को कब्जे में ले लिया है।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल के मालिक एवं चिकित्सक समेत तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। रविवार की रात कोतवाली क्षेत्र निवासी प्रियांशु (23)पत्नी अश्वनी कुमार निवासी आमघाट को लेकर आयुष हॉस्पिटल गए और भर्ती कराया। ऑपरेशन के लिए ऑपरेशन थियेटर में चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी ले गए। इस दौरान प्रियांशु की हालत गंभीर हो गई। उनको मऊ ले जाने को कहा आनन-फानन में परिजन मऊ ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत्यु घोषित कर दिया। मौत पर परिजन अस्पताल में आकर जमकर हंगामा किया। लोगों के आक्रोश को देखते हुए चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी अस्पताल छोड़ कर भाग गए। प्रसूता के पति अश्वनी कुमार की तहरीर पर पुलिस तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि हॉस्पिटल मालिक चिकित्सक समेत तीन लोगों पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।