देवकली में क्षतिग्रस्त और जर्जर हो चुकी पुलिया। संवाद
- फोटो : संवाद
बलिया। जिले में नहरों पर ग्रामीण व किसानों को आने-जाने के लिए पुलियों का निर्माण किया गया है। ऐसे में अधिकांश पुलिया जर्जर होने के कारण हादसे का भय बना रहता है। जिले में नहरों पर कम से कम 500 से अधिक पुलिया गांव के लोगों व किसानों को आने जाने के लिए बनाई गई है।
इनमें से अधिकांश पुलिया जर्जर हो गई है। फिलहाल सिंचाई विभाग की तरफ से 50 पुलिया के मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। पुलियों के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण के आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। इसको लेकर विभाग लापरवाह बना हुआ है।
सिंचाई विभाग की तरफ से गांव के लोगों को मुख्य सड़क पर आने व जाने के लिए पुलिया का निर्माण किया गया है। इन पुलिया से गांव के लोग आते व जाते हैं। वहीं, किसान भी खेतों में इसी मार्ग से अपने वाहन लेकर जाते है। पुलियों के जर्जर होने से हादसों का भय बना हुआ है। देवकली गांव के किसान गोबर्धन राय, नगरी के राजकुमार गिरी आदि ने बताया कि कई पुलिया आधी अधूरी बनाकर छोड़ दिया गया है। इसी मार्ग से खेतों तक ट्रैक्टर आदि जाते है। कई बार हादसे का डर बना रहता है।