बलिया। सड़क सुरक्षा माह (1-31 जनवरी तक) के तहत जिला परिवहन कार्यालय की ओर से टाउन डिग्री कॉलेज में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 156 चालक, परिचालक सहित आम लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराई। चालकों का ब्लड प्रेशर और आंखों की जांच की गई। इनमें से 36 चालकों में दृष्टि दोष मिला। इनमें से 20 को चश्मा लगेगा। साथ ही 16 के चश्मे का नंबर बढ़ेगा।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रोहित रंजन व डॉ. मनीष कुमार ने एक-एक कर सभी की जांच की। इसमें सनबीम स्कूल, सेंट जेवियर्स, देवस्थली विद्यापीठ, द होराइजनस्कूल, ग्रीन वैली, कैस्टल ब्रिज स्कूल के चालक व परिचालकों ने काफी संख्या में भाग लिया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दवा व उचित सलाह दी। एआरटीओ अरुण कुमार राय ने बताया कि वाहन चलाते समय पूरी सतर्कता बरते। आपके हाथों में बच्चों की जिंदगी रहती है। इस मौके पर पीटीओ अरविंद कुमार जैशल समेत परिवहन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।