मौसम की बेरुखी लगातार जारी है। मंगलवार की शाम को मौसम ने फिर करवट ली और आंधी के साथ ही आसमान में काले बादल घुमड़ने लगे। कहीं शाम को तो कहीं देरशाम आंधी के साथ हल्की बारिश भी हुई। आंधी पानी के कारण कई इलाकों की बिजली गुल है। इसके अलावा खेत व खलिहानों में कहीं बोझ, अनाज तो कहीं प्याज भीग गए जिससे किसान की चिंता बढ़ गई है।
बैरिया में तेज आंधी व बारिश से मंगलवार की रात भी किसानों को काफी नुकसान पहुंचाया। दीघार से बैरिया विद्युत उपकेंद्र के बीच हाईटेंशन विद्युत तार टूट जाने के कारण क्षेत्र में पूरी रात बिजली की आपूर्ति ठप रही। नगर पंचायत, रानीगंज बाजार के अलावस ग्रामीण क्षेत्र के तालिबपुर, चकिया, जमालपुर, करमानपुर, श्रीकांतपुर, दुर्जनपुर, उपाध्याश्पुर, सोनबरसा सहित करीब 150 गांव पूरी रात अंधेरे में रहे। तेज हवा बारिश ने क्षेत्र में बिजली की व्यवस्था को पूरी तरह अस्त व्यस्त कर दिया है। बिजली गुल होने से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रेवती में आए दिन आंधी-पानी आने से किसान सकते में हैं। मंगलवार की रात आई आंधी में मेप लाईन पर पेड़ गिरने के कारण नगर तथा क्षेत्र की बिजली बाधित है। माल्दह में मंगलवार की देर शाम आई तेज आंधी पानी के कारण कई किसानों खेत व खलिहान में रखे गेहूं आदि के बोझ भींग गए। आंधी के कारण मंगलवार की शाम से ही बिजली गुल है। बेल्थरारोड में मंगलवार की शाम को आसमान में तेज गरज चमक के साथ आई तेज बारिश से किसानों के खुले आसमान के नीचे रखे गेहूं के बोझ भीग कर खराब हो गए।