पड़ताल: माल्देपुर चौराहा पर सड़क के बीच वाहन को बनाते मिस्त्री।संवाद
बलिया। शहर में सुगम यातायात के उद्देश्य से 48 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई फोरलेन पर अतिक्रमण कर लिया गया है। माल्देपुर मोड़ से कदम चौराहे तक 126 से ज्यादा गैरेज व दुकानें खुल गई हैं। सड़क किनारे गैरेज, वेल्डिंग की दुकानें, टायरों के पंक्चर बनाने की दुकानें, अवैध वाहन स्टैंड और अन्य अस्थायी प्रतिष्ठान संचालित होने से सड़कें संकरी हो गई हैं। चार लेन की फोर लेन दो लेन की हो गई है। इसका खामियाजा रोजाना वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है।
सड़क तक वाहन खड़ा होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ-साथ एंबुलेंस और स्कूली वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है। पैदल चलने वाले लोगों को सड़क के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे अक्सर सड़क हादसे भी होते हैं।
फोरलेन की दोनों तरफ पानी निकासी के लिए नाला भी बना हुआ है। सड़क के निर्माण होने के बाद लोगों को सुगम यातायात की आस जगी। लेकिन कुछ समय बाद फोरलेन सड़क पर कार, ट्रक, बाइक व बसों की मरम्मत होने लगी है। गैरेज व दुकानों का संचालन होने लगा है। करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद वाहनों को एक लेन पर चलना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी पैदल चलने वाले राहगीरों व छोटे वाहन वालों को हो रही है। माल्देपुर मोड़ से कदम चौराहा तक सड़क व नाले पर 126 से ज्यादा गैरेज व दुकानें संचालित हो रही है। दो से तीन शोरूम के ट्रैक्टर व अन्य वाहन सड़कों पर खड़ा कर बेचते हैं।
रात में नो एंट्री खुलने पर खराब वाहनों के सड़क पर खड़े होने से जाम के हालात हो जाते हैं।
स्टेशन के आसपास सड़क पर अवैध स्टैंड संचालित होता है। सड़क तक फेरी लगाने वालों के ठेले खड़ा होने से सड़क संकरी हो गई है।
पड़ताल: माल्देपुर चौराहा पर सड़क के बीच वाहन को बनाते मिस्त्री।संवाद