चांद का दीदार होने के बाद चौक क्षेत्र में ईद के लिए खरीददारी करतीं महिलाएं।
कड़ी पाबंदियों के साथ एक माह की रोजेदारी का इनाम मिलने का वक्त अब आ गया है। सोमवार को ईद की खुशी चारों ओर बिखरी नजर आएंगी। दीनी पाबंदियों के साथ रोजेदारी व इबादत में लगे मुस्लिम परिवार ईद मनाने को तैयार हैं। ईद-उल-फितर की ज्यादातर तैयारी पूरी की जा चुकी है। बाकी की तैयारी को आज रात तक अंतिम रूप दे दिया जाएगा। रोजा की शुरुआत से चांद रात तक सभी रोजेदारों को चांद देखने की ललक होती है। चांद दिखे और मुबारकबाद शुरू हो।
वह दिन भी आ गया। चांद दिख गया और सोमवार को ईद मनायी जायेगी। ईद से पहले हर वर्ग ने अपने लिए, अपने रिश्तेदारों के लिए और अपने दोस्तों के लिए खास तैयारी की है। इतना ही नहीं नौकरी की तलाश में दूसरे मुल्क में रह रहे कई लोग ईद से ठीक पहले अपने घर लौट आये हैं। सभी वर्ग ने ईद की तैयारियों का अनुभव बताया और तैयारी में जुट गये हैं। शहर के ईदगाहों व मसजिदों में ईद की नमाज की तैयारी पूरी कर ली गयी है।