नगर के टाउन हाल में चुनावी सभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री अखिलेश यादव।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी वालों ने बिजली को भी हिंदू और मुसलमान में बांट दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि काशी में 24 घंटे बिजली नहीं मिलती। इस पर हमने कहा कि यदि वास्तव में नहीं मिलती तो गंगा मां की कसम खा लें, लेकिन अब तक मोदी ने कसम नहीं खाई है।
गुुरुवार को यहां छह स्थानों पर पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि लोगों से भाजपा व बसपा से सावधान रहने को कहा। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आपके बीच आया हूं। प्रदेश की उन्नति के लिए कार्य किया है, उसे किसी से कहने अथवा बताने की जरूरत नहीं हैं। आप स्वयं देख सकते हैैं, किसी के बहकावे में ना आएं। मुख्यमंत्री ने जनसभाओं में कांग्रेस से गठबंधन को जरूरी भी बताया। कहा कि कांग्रेस से गठबंधन से निश्चित ही प्रदेश में साइकल की रफ्तार बढ़ेगी। नोटबंदी के फैसले पर कहा कि प्रधानमंत्री के कृत्यों से आम लोगों को सिर्फ परेशानी ही हुई है, जबकि समाजवादी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं किसानों की उन्नति के लिए बढ़ चढ़कर कार्य किया। सड़कों पर उन्होंने एक्सप्रेस वे का उदाहरण दिया, जिसमें कहा कि यह ऐसी सड़क साबित होगी, जो हमेशा याद रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण के दौरान समाजवादी पार्टी को आम जनता का हितैषी बताकर फिर मौका देने की अपील की। जाते-जाते सभी गरीब महिलाओं को पेंशन, युवाओं को रोजगार, किसानों की उन्नति के लिए योजनाओं का वादा किया। मुख्यमंत्री ने रसड़ा चीनी मिल को भी सरकार बनने के बाद तत्काल चालू कराने का भरोसा जताया। अखिलेश रसड़ा विस क्षेत्र से प्रत्याशी सनातन पांडेय और बेल्थरारोड से प्रत्याशी गोरख पासवान के समर्थन में, सिकंदरपुर में सपा प्रत्याशी मुहम्मद रिजवी के समर्थन में, बांसडीह में विस क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशी राम गोविंद चौधरी, बैरिया में प्रत्याशी जयप्रकाश अंचल, बलिया नगर के टीडी कॉलेज में पार्टी प्रत्याशी लक्ष्मण गुप्ता के समर्थन में तथा फेफना विधानसभा के चितबड़ागांव में पार्टी प्रत्याशाी संग्राम सिंह यादव के समर्थन में आयोजित जनसभाओं में लोगों से मतदान करने की अपील की। इस मौके पर जिला अध्यक्ष यशपाल सिंह, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर भी मौजूद रहे।