रसड़ा। विकास खंड मुख्यालय पर मंगलवार को सरयां गांव के दर्जनों मनरेगा मजदूरों एवं ग्रामीणों ने प्रधान तथा सचिव के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद 6 सूत्रीय मांग पत्र उपजिलाधिकारी को सौंप कर विकास कार्यों का सत्यापन कर कार्रवाई की मांग की। चेताया कि प्रधान व सचिव के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण आर पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर होंगे।
सरया गांव के दर्जनों महिला एवं पुरुष गांव के प्रधान व सचिव के खिलाफ नारेबाजी करते हुऐ ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान व सचिव ने पूरे कार्यकाल के दौरान व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार कर धन का बंदरबांट किया। मनरेगा मजदूरों को मजदूरी नहीं दिए जाने और आवास शौचालय में भारी गोलमाल किए जाने का भी आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि इसके पूर्व में भी मजदूरों की ओर से धरना प्रदर्शन व शिकायती पत्र देना बेमतलब ही साबित हुआ है। इस मौक्े पर नरेश, अनिल गुप्ता, सविता चौहान, गणेश राम, सुभावती, सुदामा, ललिता, सुनील, बब्लू, लालू आदि रहे।