बैरिया। इब्राहिमाबाद पशु मेला की विवादित भूमि को लेकर बैरिया विधायक सुरेेंद्र सिंह मंगलवार को तहसील में अधिकारियों के साथ बैठक कर मेला की भूमि के संबंध में बातचीत करेंगे। इस दौरान समाधान दिवस का आयोजन कर जनता की समस्याएं सुनेंगे और उन्हें दूर कराने का प्रयास भी करेंगे।
अमर उजाला से दूरभाष पर बातचीत में विधायक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि लॉक डाउन के दौरान आम लोगों को तहसील के अधिकारी व कर्मचारियों ने काफी परेशान किया है। इसे लेकर मंगलवार को अधिकारियों से बातचीत के बाद दो घंटे के लिए समाधान दिवस आयोजित कर समस्याएं सुनेंगे। इस दौरान लोगों की समस्याएं दूर कराई जाएंगी। सुदिष्ट बाबा मेला प्रकरण पर कहा इब्राहिमाबाद पशु मेला की भूमि पर 85 से 100 लोगों ने फर्जी तरीके से नाम चढ़वाया है। यदि ये खानदानी जमीन होती तो जमीन पर कास्तकार के भाई व चाचा का भी नाम होता। यदि ये पट्टे की जमीन होती तो पट्टे का कागज होता और पट्टे की भूमि को बेचने का कानून में अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि तहसील प्रशासन से पशुमेला की भूमि के संबंध में मंत्रणा की जाएगी। संबंधित 200 एकड़ भूमि पर फर्जी ढंग से नाम चढ़वाने की जांच के लिए शिकायती पत्र भी दिया जाएगा। तहसील प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों को दंडित करने की मांग की जाएगी।
-
मेला भूमि को लेकर प्रधान ने दाखिल की आपत्ति
विधायक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मेला की भूमि पर इब्राहिमाबाद के पूर्व प्रधान विनोद सिंह ने तहसीलदार न्यायालय में आपत्ति भी दाखिल कर दी है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई से नेता डरे हुए हैं, जबकि आम लोग पार्टी या दल से ऊपर उठकर मेरे साथ खड़े हैं। आज इलाके में स्थिति ये है कि मेरी एक आवाज पर 50 हजार से अधिक लोग लड़ाई में साथ देने के लिए तैयार हैं।