नगरा नव सृजित नगर पंचायत कार्यालय का उद्घाटन करते कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ।
- फोटो : BALLIA
नगरा। ढाई दशक से यहां के लोगों की ओर से की जा रही नगरा को नगर पंचायत बनाने की मांग पूरी हो गई है। अब यह के लोगों को विकास के लिए तरसना नहीं पड़ेगा। यहां के गरीबों को आवास दिए जाएंगे और सड़क, नाली और सीवर का निर्माण कराकर नगर का विकास कराया जाएगा। ये बातें कैबिनेट मंत्री और जिले प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने शनिवार को नव सृजित नगर पंचायत नगरा के कार्यालय का उद्घाटन फीता काटकर करने के बाद कही।
कार्यालय उद्घाटन के बाद जनता इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित जनसभा में अनिल राजभर ने कहा कि नगरा के लोगों की मांग ढाई दशक बाद क्षेत्रीय विधायक के प्रयास से पूरी हुई है। कहा, मुख्यमंत्री ने नगरा को नगर पंचायत बनाकर यहां के लोगों के सपने को पूरा करने का काम किया है। अब नगरा का अपेक्षित विकास होगा। सर्वे कराकर गरीबों को आवास दिया जाएगा। सड़क, नाली, सीवर आदि का कार्य शीघ्र देखने को मिलेगा। प्रदेश सरकार नव सृजित नगर पंचायतों के विकास के लिए शीघ्र ही धन की व्यवस्था करने जा रही है। अब नगरा के जिन गरीबों के पास ईंट की दीवार और करकट होगा, उन्हें भी सरकार ढाई लाख रुपये का आवास देगी।
कहा, केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है हर गरीब के सिर पर छत होना चाहिए। गरीबों के आवास एवं शौचालय निर्माण के लिए सरकार के पास धन की कमी नहीं है। मार्च के बाद नगरा नगर पंचायत के विकास का खाका खींचा जाएगा। ग्राम पंचायतों द्वारा विकास की धनराशि अब तक खर्च न किए जाने पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभी एक माह से अधिक का समय है। ग्राम पंचायतें विकास के धन को को खर्च कर लें, अन्यथा मार्च के बाद सरकार अपने स्तर से विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने नगरा में सब्जी मंडी के लिए तहसील प्रशासन को जमीन देखने और जनता इंटर कॉलेज के मैदान में स्टेडियम निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाने के लिए कहा।
कहा कि आजादी के बाद केंद्र की सत्ता में आई सरकारों ने आजादी का पैमाना बदल दिया था जिससे गरीबों का विकास थम गया था। कहा कि जब से जनता ने देश की बागडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में सौंपा है, तब से देश का विकास तेजी से हो रहा है। विरोधी दलों को पीएम व सीएम द्वारा किए जा रहे गरीबों व देश प्रदेश का विकास पच नहीं रहा है। इसीलिए विपक्षी दल अनर्गल बयानबाजी कर जनता को भ्रमित कर रहे हैं। इस मौके पर विधायक धनंजय कन्नौजिया, पूर्व विधायक भगवान पाठक, जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, भरत सिंह, अच्छे लाल यादव, आलोक शुक्ला सोनू, अरविंद नारायन सिंह आदि रहे।