बलिया। गड़हांचल में बिजली, सड़क आदि की समस्याओं को लेकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य व पूर्व प्रधान कुबेर तिवारी के नेतृत्व में एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को डीएम से मिला और ज्ञापन सौंपा।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य तिवारी ने डीएम को बताया कि सोहांव ब्लॉक के बसंतपुर में स्थित विद्युत उपकेंद्र से संबंधित गांवों को रोस्टर के अनुसार 18 घंटे के सापेक्ष मुश्किल से आठ से 10 घंटे की ही आपूर्ति मिल रही है। आपूर्ति शुरू होते ही बिजली के बार-बार ट्रिप करने की समस्या से लोगों केे भीषण गर्मी में जहां परेशानी का सामना करना पड़ रहा है वहीं किसानों भी सिंचाई के लिए नलकूपों का संचालन नहीं कर पा रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को अवगत कराया कि बसंतपुर विद्युत उपकेंद्र को गाजीपुर जनपद के कुंडेसर स्थित पावर स्टेशन से बिजली की आपूर्ति की जाती है जो काफी दूर है लाइन के फाल्ट ठीक करने में लापरवाही की जाती है।
बताया कि अब जिले के चितबड़ागांव में स्थित पावर स्टेशन चालू हो चुका है लिहाजा बसंतपुर विद्युत उपकेंद्र को इस पावर स्टेशन से आपूर्ति कराने के लिए कार्रवाई की जाए। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने बतिया कि सोहांव ब्लॉक में स्थित भरौली-टुटुवारी मार्ग व इस मार्ग से जुड़े विशेश्वरपुर-दुलारपुर मार्ग पूरी तरह जर्जर हो गया है। इसी तरह भरौली एनएच 31 से श्मसान घाट सड़क निर्माण के लिए ठेकेदार की ओर से छह माह से गिट्टी गिरा कर छोड़ा गया है और निर्माण नहीं कराया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में रियाजुद्दीन राजू, शिवनारायण यादव, मारकंडेय राय, कमला प्रसाद आदि रहे।