नगरा। शिक्षा क्षेत्र नगरा के डिहवा स्थित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने मिड-डे-मील को लेकर विद्यालय में ही विरोध जताया। बच्चों के विरोध का वीडियो बुधवार से वायरल हो रहा है, लेकिन कोई अधिकारी बच्चोंकी पीड़ा जानने नहीं पहुंचा।
मिली जानकारी के अनुसार रसड़ा तहसील क्षेत्र के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय डिहवा के बच्चे बुधवार को कक्षा से बाहर आ गए और स्कूल के प्रांगण में ही एक जगह बैठकर मिड-डे-मील को लेकर विरोध जताने लगे। बच्चों के विरोध जताने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने लगा। वीडियो में बच्चे आरोप लगा रहे है कि कई माह से स्कूल में दूध नहीं मिल रहा है।
वहीं फल के नाम पर एक कच्चा केला दे दिया जाता है। वीडियो वायरल होने के बावजूद भी गुरुवार को कोई अधिकारी विद्यालय पर नहीं पहुंचा। जबकि सूबे के एक विद्यालय में नमक, रोटी व एक लीटर दूध 82 बच्चों को पिलाया गया था तो प्रशासन के कान खड़े हो गए गए थे। वहीं नगरा क्षेत्र में डिहवा के बच्चों द्वारा मिड डे मील की पोल खोले जाने पर शिक्षा महकमा पर कोई असर नहीं है। दूध नहीं दिए जाने के बाबत प्रधानाध्यापक रविन्द्र नाथ सिंह ने बताया कि दो तीन सप्ताह से बच्चों को दूध के बदले बिस्कुट दिया जा रहा है, क्योंकि दूध मिल नहीं रहा है।
खंड शिक्षा अधिकारी नगरा लाल जी शर्मा ने बताया कि वीडियो हमने देखा है। मैं जनपद से बाहर हूं। बच्चों को दूध नहीं मिल रहा है, मामला गंभीर है। इसकी जांच की जाएगी। यदि दोषी पाया गया तो कार्यवाही की जाएगी।