बेल्थरारोड। बलिया-सोनौली मार्ग पर बुधवार की रात तुर्तीपार रेगुलेटर के पास पिकअप और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में 19 गोवंश लदे थे। हादसे के बाद ट्रक चालक भाग निकला। पुलिस ने ट्रक पर लदे गोवंश को बरामद कर लिया।
बताया जाता है कि उभांव थानाक्षेत्र के मधुबनी निवासी चालक तूफानी तुरहा (40) उसी ग्राम की रहने वाली महिला सफाईकर्मी वृंदा (35) को पिकअप पर बैठाकर बेल्थरारोड की ओर आ रहा था कि नगरा की ओर से 19 गोवंश से लदे ट्रक से तुर्तीपार रेगुलेटर के पास भिड़ंत हो गई। आमने-सामने की हुई टक्कर में पिकप चालक और महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर खड़े हो गए । इस दौरान कई घंटे तक सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इस दौरान चालक ट्रक छोड़ भाग निकला, जबकि घायल पिकअप चालक और महिला सफाई कर्मी को सीएचसी ले जाया गया। सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे उभांव थानाध्यक्ष योगेंद्र बहादुर सिंह ने गोवंश को बरामद कर अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है।