फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूक्रेन से सकुशल बलिया पहुंची एमबीबीएस छात्रा रितू

विज्ञापन
विज्ञापन
बलिया। यूक्रेन से शनिवार को सदभावना एक्सप्रेस से बलिया स्टेशन पर पहुंची एमबीबीएस छात्रा रितू मौर्या पुत्री बजरंगी मौर्या निवासी इंदरपुर थाना गड़वार माता-पिता व रिश्तेदारों से मिल भावुक हो गई। यूक्रेन से सुरक्षित बलिया पहुंचने के बाद माता-पिता संग रिश्तेेदारों ने माला पहनाकर स्वागत किया और गले लगाकर ऊपर वाले से प्रार्थना की। वही छात्रा ने माता-पिता संग रिश्तेदारों का पैर छूकर उनसे आशीर्वाद लिया।
विज्ञापन

गड़वार थाना क्षेत्र के इंदरपुर गांव निवासी रितू मौर्या पुत्री बजरंगी मौर्या यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। रितू का ये तीसरा साल है। शनिवार को बलिया स्टेशन पर पहुंचने के बाद बताया कि यूक्रेन सरकार द्वारा एडवाइजरी जारी की गई, लेकिन यह नहीं बताया कि आप लोग तत्काल स्वदेश लौट जाओ। अगर समय रहते बता दिया होता तो ऐसा बुरा वक्त देखने को नहीं मिलता। जब युद्घ छिड़ गया तब छात्र स्वदेश लौटने को मजबूर हो गए। कहा कि रोमानिया बार्डर तक जाने के लिए हमलोगों ने खुद बस किया गया और उस पर तिरंगा लगाया। बस में करीब 52 छात्र थे। लेकिन बस ने बार्डर से 20 किमी पहले ही छोड़ दिया। जहां से पैदल रोमानिया बार्डर आठ-नौ घंटे में पहुंचे। यहां इतनी भीड़ इकट्ठा थी कि पैर रखने की जगह तक नहीं थी। भीड़ के कारण कितने छात्र-छात्रा बेहोश हो गए थे और कितने दब जा रहे थे। इस दौरान खाने-पीने के लिए कुछ नसीब नहीं था। जब रोमानिया बार्डर में प्रवेश किया तो यहां के लोगों ने हम सभी को खाने, पीने, सोने व रहने के साथ ही कपड़ा, जूता-चप्पल की व्यवस्था की। रोमानिया की जितनी भी तारीफ किया जाय कम है। वहां से नि:शुल्क हवाई जहाज से भारत लाया गया और यहां बलिया भेजा गया। कहा कि यूक्रेन में लोग डरे व सहमे हुए है। आज भी हजारों लोग फंसे हुए जिन्हें खाने से लेकर पानी तक नसीब नहीं हो रहा है। जिससे मजबूर होकर लोग बर्फ इकट्ठा कर पानी बनाकर पी रहे है। कहा कि हम आश्वस्त थे कि हमारे क्षेत्र में अटैक नहीं होगा, लेकिन सबसे पहले हमारे ही क्षेत्र में अटैक हुुआ। कहा कि टीवी दिखा रहा कि बच्चों को मारापीटा गया, लेकिन ऐसा नहीं है। बच्चों ने बार्डर को तोड़ दिया, इसलिए ऊपर हवाई फायरिंग किया गया। हवाई जहाज के टिकट का दोगुुना पैसा लेने की बात पर कहा सब लोग नि:शुल्क आ रहे हैं।
वो छह दिन...लगता नहीं था कि घर पहुंच पाऊंगा
सिकंदरपुर। थाना क्षेत्र के हड़सर बंशी बाजार निवासी डॉक्टर पारसनाथ के घर के लोगों की खुशी उस समय देखते बनी, जब उनका पुत्र राहुल यूक्रेन से शनिवार को सकुशल वापस घर लौटा। बेटे को पाकर माता पिता के साथ परिजनों के आंखों से आंसू छलक गए। राहुल की माने तो यूक्रेन से उसे आने में छह दिन लग गए, उन दिनों की याद करते करते राहुल की भी आंखें नम हो जा रही थी। बताया कि कई बार तो ऐसा लगा कि शायद मैं घर नहीं पहुंच पाऊंगा। लेकिन हौसला बुलंद था और केंद्र सरकार पर विश्वास था कि अपने घर पहुंचने में देर लगेगी पर सकुशल पहुंच जाऊंगा।
विज्ञापन

राहुल यूक्रेन के ओडिशा मेडिकल कॉलेज में मेडिकल की पढ़ाई करता था। जब यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध शुरू हुआ तो वह भी अपने घर पहुंचने की जद्दोजहद कर आखिरकार शनिवार की सुबह पहुंच ही गया। अमर उजाला से बातचीत करते हुए उसने बताया कि 26 फरवरी को हम बस से 17 घंटे का सफर करके रोमानिया के बॉर्डर के करीब पहुंचे। वहां से बॉर्डर 10 किलोमीटर दूर था। किसी तरह रोमानिया के बॉर्डर पर पहुंच गए। रोमानिया में भी 18 घंटे के लंबे इंतजार के बाद किसी तरह केंद्र सरकार के सहयोग से शेल्टर के लिए रवाना किया गया। वहां 2 दिन रहने के बाद इंडियन एयर फोर्स के जहाज से रोमानिया से हमको हिंडन एयरपोर्ट गाजियाबाद लाया गया ।गाजियाबाद से हम ट्रेन से बेल्थरा रोड पहुंचे। वहां से अपने घर आए। कहा कि वहां का नजारा जब भी दिमाग में आता है देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। मां पुष्पा देवी व बहन प्रियंका चन्द्रा के खुशी का ठिकाना देखते ही बन रहा था। उधर, आसपास के लोग व दोस्त भी राहुल के घर पहुंच कर उसे बधाई देते रहे।
-------------------
रवि के घर पहुंचे तहसीलदार
बलिया। यूक्रेन के खारगीव में फंसे मनियर थाना क्षेत्र के रामपुर दक्षिणी निवासी चन्द्रभान गुप्ता के पुत्र रवि प्रसाद गुप्ता के स्वदेश वापस लौटने की सूचना लेकर शनिवार को पहुंचे तहसीलदार बांसडीह प्रवीण सिंह को देखकर छात्र के माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। छात्र के माता पिता ने तहसीलदार को मुंह मीठा कराया तथा छात्र के सकुशल वापसी का श्रेय देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी।
रामपुर दक्षिणी निवासी चन्द्रभान गुप्ता का बड़ा पुत्र रवि प्रसाद गुप्ता करीब चार वर्ष से यूक्रेन के खारगीव में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था। गत 10 दिनों से रूस व यूक्रेन के बीच छीड़ी जंग में रवि फंसा हुआ था। करीब आठ दिन से माता मंजू गुप्ता व पिता चंद्रभान गुप्ता का आंसू सूखने का नाम नहीं ले रहा था। लेकिन जब तहसीलदार बांसडीह प्रवीण सिंह ने बच्चे के सकुशल स्वदेश वापसी की सूचना लेकर पहुंचे तो माता पिता के ग़म भरे चेहरे पर खुशी का ठिकाना नहीं था। पिता चन्द्रभान गुप्ता ने बताया कि मेरे बच्चे का सकुशल वापसी का श्रेय हमारे देश के प्रधानमंत्री मोदी को है। प्रधानमंत्री के आजीवन ऋणी रहूंगा। जिन्होंने विदेश में भी तिरंगे को गाड़कर अपने देश के बच्चों की जान बचाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री को कोटि कोटि धन्यवाद दिया। छात्र के माता ने कहा कि हमारी दुआ प्रधानमंत्री के साथ है। जिन्होंने मेरे बच्चे सहित सभी भारतीयों को सकुशल वापसी कराने अहम भूमिका निभाई। छात्र के माता पिता ने तहसीलदार व लेखपाल ईश्वर दयाल यादव का मुंह मीठा कराया।
-------------------
यूक्रेन से सकुशल सात लोगों को पहुंचाया गया घर
बलिया। यूक्रेन में फंसे भारतीयों में अब तक जिले के 17 लोग जिला प्रशासन द्वारा चिन्हित किए गए हैं। इनमें से सात लोगों को सकुशल घर पहुंचाया जा चुका है। घर पहुंचने के बाद जिला प्रशासन की ओर से संबंधित तहसील के प्रशासनिक अधिकारी शनिवार को लोगों के घर पहुंचकर हाल चाल जाना।
आपदा प्राधिकरण बलिया के आपदा विशेषज्ञ की ओर से मिले निर्देश के क्रम में नि:शुल्क व सुविधाजनक तरीके से यूक्रेन में फंसे लोगों को उनको घर तक पहुंचाया जा रहा है। यूक्रेन से आने के बाद नई दिल्ली से इनोवा रिजर्व करके घर भेजवाया जा रहा है। इसका सारा खर्च सरकार उठा रही है। सदर तहसील क्षेत्र के सेमरिया में कृष्ण प्रसाद श्रीवास्तव से तहसीलदार सदानंद सरोज तथा फेफना में हर्षित दूबे से मुलाकात कर हालचाल लिया। इसी प्रकार बेल्थरा के तहसीलदार ने भी अपने क्षेत्र के यूक्रेन से आये व्यक्ति के परिजनों से मुलाकात की।
प्रशासन द्वारा इन्हें किया गया है चिह्नित...
बलिया। आयुष कुमार पुत्र रामअवधेश निवासी बेल्थरारोड, आनंद श्रीवास्तव पुत्र श्रीकृष्ण प्रसाद श्रीवास्तव निवासी सेमरिया, हर्ष दुबे पुत्र श्रीप्रकाश दुबे निवासी फेफना, नासिद हुसैन पुत्र महीउद्दीन अंसारी निवासी रसड़ा, मनीष कुमार जायसवाल पुत्र अखिलेश कुमार जायसवाल निवासी नगरा, सोनी राहुल कुमार पुत्र रामलाल सोनी निवासी कुंडैल नियाकत अली, राहुल पारसनाथ डोरीडीह सिकंदरपुर, रवि प्रकाश पुत्र चंद्रबदन गुप्ता निवासी मनियर, अंसारी खैरुल बशर पुत्र निजामुद्दीन अंसारी निवासी पश्चिम मोहल्ला, मोहम्मद यासिर रफीक पुत्र मोहम्मद अनीस उल हसन निवासी बस स्टेशन गली बेल्थरारोड, हुसैन अंसारी पुत्र मोहिद्दीन रसड़ा, नीतीश कुमार पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी डोमनपुरा सिकंदरपुर, चौहान पंकज पुत्र संजय चौहान सिंगही रसड़ा, शिवम आनंद श्रीवास्तव पुत्र कृष्णा प्रसाद श्रीवास्तव निवासी शिवपुर कपूरी दियर, सौरव सिंह पुत्र शिवानंद सिंह चचया कचिया, पुनीत कुमार पुत्र रामजी वर्मा निवासी दुर्जनपुर तथा विकास गुप्ता आदि रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें