नगर के गुरुद्वारा रोड में कारवा चौथ पर पूजन-अर्चन करती व्रती महिलाएं।संवाद
बलिया। कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि शुक्रवार को सुहागिनों ने निर्जला करवा चौथ का व्रत रखकर पति की सलामती व दीर्घायु की कामना की। निर्जला उपवास रख माता पार्वती सहित पूरे शिव परिवार की आराधना की। दिन भर निर्जला व्रत रहकर शाम को महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजी-धजकर सच्चे प्रेम और समर्पण की मिसाल पेश की।
महिलाओं ने एकत्र होकर करवा चौथ की कथा सुनी और भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश जी तथा चंद्रदेव की पूजा अर्चना की। व्रती महिलाएं सुबह ब्रह्म मुहूर्त में सरगी खाने के साथ ही व्रत का संकल्प लिया। पूरे दिन बिना अन्न और जल ग्रहण किए, वे पति की मंगल कामना में लीन रहीं। दोपहर तक घरों में पूजा की तैयारी की। कई महिलाएं सुबह से ही पार्लर जाकर सजने-संवरने में व्यस्त रहीं। कुछ ने घर पर ही पारंपरिक साज-सज्जा की। इसको लेकर बाजार में चहल-पहल भी रही। शहर के मीना बाजार, शहीद पार्क चौक, कासिंम बाजार, विजय सिनेमा रोड, स्टेशन में चूड़ियों, साड़ियों, सिंदूर, मेहंदी और पूजा सामग्री की खरीदारी से रौनक देखते ही बनती थी। रात 7.58 पर होगा चंद्रोदय हुआ तो महिलाओं ने छलनी से पति को देखा। इसके बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर पति के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया। पूरे माहौल में भक्ति, प्रेम और सौंदर्य का अद्भुत संगम दिखाई दिया। सुहागिनों के चेहरों पर आस्था और सजधज का अद्भुत मेल दिखाई दिया।