मस्ती और आपसी सद्भाव से भरे मंडलीय खेल का यह कारवां देखकर जो अहसास हो रहा है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। जहां परंपरागत खेलों को खेलकर हमारी कई पीढ़ियां जवान हुई है, वहीं आज के दौर में बच्चे अपने आंगन तक सीमित होकर रह गये है। ऐसी विषम परिस्थितियों में बेसिक शिक्षा विभाग ने इतना बड़ा आयोजन करके सचमुच में दिल जीत लिया।
गंवई परिवेश में पले-बढ़े इन होनहारों की उपस्थिति अलग ही आभास करा रही है। ऐसे कार्यक्रमों से न सिर्फ इन प्रतिभागियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, बल्कि इनके अंदर टीम भावना भी जागृत होगी। खेल से जहां शारीरिक व मानसिक विकास होता है वही आपसी समझ सद्भाव और टीम भावना को बल मिलता है।
यह बातें वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को आयोजित मंडलीय खेलकूद रैली का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि करते हुए कमिश्नर नीलम अहलावत ने कहीं। इसके पूर्व आजमगढ़ मंडल के तीन जनपदों (बलिया, आजमगढ़ व मऊ) से आये लगभग साढ़े तीन हजार छात्र-छात्राओं ने कमिश्नर को सलामी देकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
बच्चों के मार्चपास्ट और कदमताल से अभिभूत कमिश्नर ने बचपन के विभिन्न यादों साझा को साझा किया। कहा कि बेशक स्वचालित खिलौने, दूरदर्शन और सेटेलाइट चैनलों ने बचपन की तस्वीर बदल दी है, लेकिन खेल को ही यदि लक्ष्य बना लिया जाय तो कोई भी मंजिल पाई जा सकती है।
कमिश्नर ने कहा कि, जिन्दगी में आगे बढ़ने के लिए जितना जरूरी लक्ष्य होना है उतना ही उसके प्रति सजग होना भी। संघर्ष, समर्पण, त्याग, कर्त्तव्यनिष्ठा और एकाग्रचित हो यदि व्यक्ति लक्ष्य का संधान करें तो अवश्य ही उसे प्राप्त किया जा सकता है। कहा भी गया है कि सफलता उसी का वरण करती है, जो उसके प्रति पूरी निष्ठा से समर्पित हो।
कमिश्नर ने उपस्थित गुरुजनों से कहा कि गुरु एक गरिमामयी पद है। आप सभी से अपेक्षा है कि आप पूरी ईमानदारी से गुरु शब्द की गरिमा को बरकरार रखते हुए राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करें। एडी बेसिक नंदलाल सिंह ने कहा कि एक ग्राउण्ड में खेल का यह आयोजन विभाग की टीम भावना का ही परिचायक है।
उम्मीद है, जिस आशा और अपेक्षा को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है, उसमें पूर्ण सफलता प्राप्त होगी। अतिथियों का स्वागत करते हुए मंच का संचालन कर रहे बलिया के बीएसए डा. राकेश सिंह ने कहा कि आयोजन को बेहतर तरीके से संपन्न कराने के लिए विभाग पूरी तरह चैतन्य है। अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण ने किया।