लालगंज (बलिया)। सोशल मीडिया पर दो रुपये का पुराना सिक्का 26 लाख में बेचने के चक्कर में छोटू सिंह ने 1,06,358 रुपये गंवा दिए। पीड़ित ने दोकटी पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लालगंज देसी शराब के सेल्समैन छोटू सिंह ने सोशल मीडिया पर दो रुपये के पुराने सिक्के बेचने का प्रचार देखा। उन्होंने विज्ञापन के लिंक पर क्लिक कर दिया। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर फोन आया।
साइबर ठग ने दो रुपये के पुराने सिक्के के बारे में जानकारी ली और 26 लाख रुपये देने की बात कही। फिर एक खाता नंबर देकर तत्काल सात हजार रुपये भेजने के लिए कहा। छोटू सिंह ने खाते में रुपये ट्रांसफर कर दिए। साइबर ठग ने कागजात बनवाने के नाम पर फिर 14 हजार रुपये मांगे। धीरे-धीरे जाल में फंसाकर कुल 1,06,358 रुपये ठग लिए।
इसके बाद आरोपी ने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। छोटू सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर रुपये दिलाने की गुहार लगाई।
थाना प्रभारी अनुपम जायसवाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने लालच और भय में आकर किसी को रुपये न ट्रांसफर करने की सलाह दी है। कहा कि अनजान नंबर से फोन आने पर साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर फोन करें।