बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर में पूजन-अर्चन करते श्रद्धालु।
- फोटो : BALLIA
बलिया। जिले में शुक्रवार का दिन शिवमय रहा। जिले के शिवालयों में पूरे दिन ‘बम-बम भोले’ की गूंज सुनाई दी। नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक शिवालयों के सामने मेला जैसा नजारा रहा। नगर के बाबा बालेश्वरनाथ, शोकहरणनाथ असेगा, कामेश्वरनाथ कारो, सिद्धेश्वरनाथ महाकरपुर, बाबा बालखंडीनाथ दिउली, छितेश्वरनाथ महादेव छितौनी आदि शिवालयों के सामने गुरुवार की रात से भोले के भक्तों की लाइन लग गई थी, जो शुक्रवार को पूरे दिन छोटी होने की बजाय बढ़ती ही नजर आती रही।
भक्तों ने शहद, दूध और गंगाजल से भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरा इलाका बोल-बम के जयकारों से गूंजता रहा। मनियर क्षेत्र के चांदूपाकड़ स्थित बाकेश्वर नाथ, उत्तर टोला नाथ बाबा, पहाड़ी टोला के बउरहवा शिवमंदिर, बस स्टैंड स्थित ममलेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरों पर लोगों ने फूल विल्वपत्र, धतूरा, गंगाजल से भगवान भोले नाथ का जलाभिषेक किया। सिकंदरपुर कस्बा के चर्तुभुज नाथ मंदिर, कल्पा मंदिर, जल्पा मंदिर, शिव मंदिर कठौड़ा, शिव मंदिर डूहा बिहरा, शिव मंदिर कटघरा, शिव मंदिर बघुड़ी, शिव मंदिर देवकली सहित अन्य मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
नगरा: क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। क्षेत्र के नरही स्थित नाथ बाबा मंदिर, पांडेयपुर स्थित कामेश्वर नाथ मंदिर, ताड़ीबड़ागांव, खनवर, गोठाई, चचया, डिहवा सहित अन्य शिवालयों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की मंगलमय की कामना की। हनुमानगंज: देवकली गांव स्थित बालेश्वर नाथ मंदिर पर सुबह से ही दर्शानार्थियों की भीड़ लगने लगी। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में कतारबद्ध होकर भांग, धतूरा, दूध, जल आदि चढ़ाकर बाबा भोलेनाथ की पूजन-अर्चन किया।