20 किलोमीटर तक 18 घंटे जाम में फंसे रहे लोग
- फोटो : अमर उजाला
मौनी अमावस्या और महाकुंभ के मद्देनजर भरौली गोलम्बर पर पुलिस ने सोमवार की रात 12 बजे से ट्रकों के परिचालन पर रोक लगा दिया है। इससे भरौली गोलम्बर से गाजीपुर जिले के कुंडेश्वर तक 20 किलोमीटर तक 18 घंटे से जाम लगा हुआ है। भरौली गोलम्बर से बलिया मार्ग पर बसंतपुर तक सुबह 9 बजे तक जाम लगा रहा। वहीं, बक्सर गोलम्बर से आरा रोड में 20 किलोमीटर दूर तक भारी वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
फेफना तिराहा से चितबड़ागांव मोड़ तक सोमवार की रात से मंगलवार की सुबह तक जाम लगने के कारण छोटे वाहनों एवं बाइक सवार बैरिया थम्हनपुरा सागरपाली मार्ग से लम्बी दूरी तय कर आने जाने को मजबूर हुए। 17 मई 2023 को बक्सर भरौली को जोड़ने वाले नए पुल के चालू होने के बाद एनएच 31 पूरी तरह से जाम के चपेट में आ गया हैं।
सोमवार से फेफना तिराहा से चितबड़ागांव मोड़ के आगे तक लगा जाम मंगलवार की सुबह में समाप्त हुआ, यहां अक्सर जाम लग जा रहा है। भरौली गोलम्बर पर सोमवार की रात से जाम लगना शुरू हुआ, जो गाजीपुर जिले के कुंडेश्वर तक 20 किलोमीटर तक पहुंच गया। 18 घंटे से जाम लगा रहा।
नरहीं पुलिस ने भरौली गोलम्बर पर ही ट्रकों, ट्रेलर, टैंकर,कैन्टेनर के परिचालन पर रोक लगा दिया है, जिससे जाम ने गंभीर रूप ले लिया है। बक्सर जाने वाले यात्रियों को पैदल चलकर जाना पड़ रहा है। बक्सर से बलिया गाजीपुर चलने वाली बसें भी प्रभावित हो गई है। स्कूल बसें बच्चों को लेने नहीं पहुंच पाई। नरहीं थानाध्यक्ष सुनील चन्द्र तिवारी ने बताया कि फेफना तिराहा से चितबड़ागांव मोड़ तक भरौली गोलम्बर पर लगने वाले जाम को लेकर मौनी अमावस्या महाकुम्भ मेले के चलते रात 12 बजे से भारी वाहनों के परिचालन पर अगले आदेश तक रोक लगा दिया गया है।