बैरिया। नवकागांव ग्राम की प्रधान रजनी सिंह व उनके प्रतिनिधि रविप्रताप सिंह की पहल पर बुधवार को पंचायत भवन के प्रांगण में डाक विभाग द्वारा कैंप लगाकर नए आधार कार्ड बनाए गए और आधार कार्ड में संशोधन का कार्य किया गया। शिविर लगने से स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली है।
ग्रामीण आधार कार्ड बनवाने के लिए तहसील मुख्यालय के विभिन्न डाक घरों, बैंक व सीमावर्ती बिहार के छपरा तक चक्कर लगा रहे थे। हार थक कर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान से सहयोग मांगा। इसके क्रम में डाक अधीक्षक बलिया संजय त्रिपाठी, डाक निरीक्षक सर्वेश सिंह, डाक सहायक बैरिया राजकुमार सिंह की उपस्थिति में लगभग 200 लोगों का नया आधार कार्ड बनाया गया और आधार संशोधन का कार्य किया गया। साथ ही साथ सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 10 साल से कम की उम्र की बच्चियों का खाता भी खोला गया। आधारकार्ड बन जाने के साथ ही सुमंगला योजना का खाता खोले जाने से ग्रामीणों ने राहत का सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि आधार कार्ड सभी सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में आईडी प्रूफ के तौर पर मांगा जाता है। इस क्षेत्र में आधार कार्ड बनवाना काफी मुश्किल था। ग्राम पंचायत में कैंप लगा कर आधार कार्ड बन जाने से हमे काफी राहत मिली है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रविप्रताप सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया है।