Salempur BJP Candidate Ravindra Kushwaha : भाजपा ने सलेमपुर लोकसभा सीट से रविंद्र कुशवाहा को एक बार फिर प्रत्याशी बनाया है। रविंद्र कुशवाहा दो बार से भाजपा के टिकट पर इसी सीट से सांसद हैं। इस बार भी वे जीत की हैट्रिक लगा सकते हैं।
भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश के 51 सीटों पर घोषित प्रत्याशियों में सलेमपुर लोकसभा सीट से सांसद रविंद्र कुशवाहा को फिर से प्रत्याशी बनाया गया है। रविंद्र कुशवाहा जीत की हैट्रिक लगाने के लिए मैदान में उतरेंगे। वह दो बार से भाजपा के टिकट पर इसी सीट से सांसद हैं।
विज्ञापन
1 दिसंबर 1962 को जन्मे रविंद्र कुशवाहा के पिता राजनीति के पुराने खिलाड़ी रह चुके हैं। कई बार सलेमपुर संसदीय सीट का नेतृत्व कर चुके हैं। रविंद्र कुशवाहा की पत्नी बिंदू देवी हैं। एक पुत्र और एक पुत्री है। 12वीं तक की शिक्षा प्राप्त रविंद्र कुशवाहा का व्यवसाय कृषि है।
रविंद्र कुशवाहा सलेमपुर के माथपार गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में करीब सवा दो लाख वोट से जीत दर्ज की थी। 2019 के चुनाव में एक लाख से ज्यादा मतों से जीत हासिल की थी। सलेमपुर संसदीय क्षेत्र में देवरिया की दो विधानसभा क्षेत्र सलेमपुर, भाटपाररानी के अलावा बलिया जनपद की तीन विधानसभा क्षेत्र बांसडीह, सिकंदरपुर व बेल्थरारोड आती है।
विज्ञापन
उनके पिता स्व. हरिकेवल प्रसाद सलेमपुर के चार बार सांसद और दो बार विधायक रहे हैं। वो सपा और जनता दल से सांसद चुने गए थे। उनके निधन के बाद सपा ने रविंद्र को टिकट देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद रविंद्र भाजपा में शामिल हो गए थे।