बलिया। जनपद में शनिवार को 22 थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। एएसपी उत्तरी कृपाशंकर व सीटी मजिस्ट्रेट ने सदर कोतवाली में आयोजित थाना समाधान दिवस में जनसुनवाई की उन्होंने फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण हेतु संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। अन्य सभी थानों पर संबंधित राजस्व अधिकारी थाना प्रभारी संग आने वाली शिकायतों को सुना व निस्तारण किया, अन्य बाकी शिकायतों के निस्तारण के लिए टीम का गठन किया। इसमें राजस्व के साथ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पंदह : खेजुरी थाना परिसर में थाना समाधान दिवस में एसडीएम सिकंदरपुर रवि कुमार और क्षेत्राधिकारी गौरव कुमार मौजूद रहे। यह पहला अवसर है जब दोनों सक्षम अधिकारियों की मौजूदगी के बाद भी फरियादियों की संख्या दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाई। इस दौरान क्षेत्र के बालूपुर से सिर्फ एक राजस्व का मामला सामने आया। जिसके निस्तारण हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया। उधर घंटों इंतजार के बाद दोनों अधिकारी और राजस्व विभाग के कर्मचारी वापस लौट गए।
नरहीं। थाना समाधान दिवस पर सात मामले आए जिसमें से किसी का निस्तारण नहीं किया जा सका। टेढ़वा के मठिया गांव निवासी श्याम बहादुर यादव ने कहा कि इच्छा चौबे का पूरा मौजा में मेरी जमीन पर अतिक्रमण कर लिया गया है पैमाइश भी हो गई है लेकिन आज तक अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया जा सका। एक साल से थाने का चक्कर काट रहा हूं। कृष्णा राय निवासी सरयां ने बताया कि आठ माह से भाग दौड़ कर रहा हूं लेकिन मेरे जमीन पर जो अतिक्रमण हैं उसे हटाया नहीं जा सका है। नरही के प्रकाश यादव ने बताया कि मैं अपने पुराने मकान का निर्माण कार्य करा रहा हूं जिसका छज्जा रूका हुआ है। एसडीएम कानूनगो लेखपाल ने निर्माण कार्य करने की संस्तुति दे दिया है। इसके बावजूद मेरा छज्जा रूका हुआ है। थानाध्यक्ष नदीम अहमद फरीदी, कानूनगो राकेश कुमार शर्मा, राम सिंगार लेखपाल विपिन सिंह, राजेश राम, देवानंद सिंह संतोष आदि लोग मौजूद रहे।
बैरिया : एसडीएम सुनील कुमार व क्षेत्राधिकारी फहीम कुरैशी की उपस्थिति में थाना समाधान दिवस संपन्न हुआ। कुल सात मामले आए। जिसमें एक का भी निस्तारण नहीं हुआ। पांच मामले जमीन के व दो मामला पैमाइश के आए। इस दौरान सुशील दुबे, कानूनगो शिवकुमार गुप्ता एवं अन्य पुलिसकर्मी, लेखपाल मौजूद रहे।
चितबड़ागांव : थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में एक भी मामले नहीं आए, वहीं थानाध्यक्ष रोहन राकेश सिंह और क्षेत्रधिकारी उस्मान एवं लेखपाल, कानूनगो फरियादियों की राह देखते रहे।फिर कोई नहीं आया।
11 मामले में एक का भी नहीं हुआ निस्तारण : बेल्थरारोड : उभांव थाना परिसर में एसडीएम निशांत उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित थाना समाधान दिवस पर कुल 11 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। जिसमें किसी भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका। इनमें राजस्व विभाग के 9 और पुलिस विभाग से संबंधित दो मामले शामिल हैं। इनके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। एसडीएम उपाध्याय ने थाना समाधान दिवस पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों का निर्धारित समय अवधि में निस्तारण का निर्देश दिया।