बलिया/ बलिया। खाद्य एवं रसद विभाग ने वैवाहिक समारोह वाले परिवारों को बड़ी राहत दी है। बिजली की तरह ऐसे परिवारों को अस्थायी कनेक्शन दिया जाएगा। जरूरत के हिसाब से अधिकतम तीन कमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। ऐसे में 125 लोगों ने अब तक आवेदन किया है।
अमेरिका-इस्राइल युद्ध के हालात के चलते पिछले डेढ़ महीने से रसोई गैस की कमी से लोग परेशान हैं। शहरी क्षेत्र में सिलिंडर बुकिंग की समय सीमा 25 दिन कर दी गई है। ग्रामीण क्षेत्र में यह 45 दिन है। कमर्शियल गैस सिलिंडर देना बंद कर दिया गया था। हालांकि, कुछ दिन पहले होटल, ढाबा व रेस्टोरेंट संचालकों को उनकी जरूरत का 20 फीसदी देने की घोषण की गई थी। अब शादी समारोह के लिए लोगों को गैस सिलिंडर की जरूरत है। इसके लिए खाद्य एवं रसद विभाग ने तय किया है कि शादी का आमंत्रण कार्ड लगाने पर जरूरत के हिसाब से एक से तीन सिलिंडर तक दिए जाएंगे। किसी परिवार में शादी पड़ने पर अस्थायी कनेक्शन दिया जाएगा।
जिले में आपूर्ति विभाग में पिछले दिनों करीब 125 आवेदन शादी विवाह के लिए आए। बैरिया तहसील क्षेत्र से 25 से ज्यादा ऐसे आवेदन पहुंचे हैं। इन परिवारों को अस्थायी कनेक्शन दिए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई।कोई व्यक्ति या कारोबारी शादी समारोह के नाम पर फर्जी कार्ड तो नहीं छपवा रहा है और इसका दुरुपयोग तो नहीं कर रहा, इसकी जांच भी संबंधित अधिकारी करेंगे। आपूर्ति अधिकारी बैरिया इंद्रेश कुमार तिवारी ने बताया कि शादी समारोह में आयोजित करने वालों के लिए अस्थायी कनेक्शन दिए जाने का इंतजाम किया गया है इसके लिए शादी का कार्ड लगाने के साथ डीएसओ का स्वीकृति लेना जरूरी है।
शादी के लिए सिलिंडर के लिए यह होगी प्रक्रिया
- शादी का कार्ड और आवेदन के साथ डीएसओ के कार्यालय में आवेदन करना होगा।
-डीएसओ सर्टिफाइड कर एजेंसी के नाम का नाम मेंशन करेंगे।
-पूर्ति निरीक्षकों के स्वीकृति के बाद नया 19 किग्रा का कनेक्शन बनेगा।
- शादी हो जाने के बाद कनेक्शन सरेंडर करना होगा।