फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ballia News: पेड़ के नीचे खड़े लोगों पर गिरी बिजली दो युवकों की मौत, तीन लोग झुलसे

विज्ञापन
विज्ञापन
भीमपुरा (बलिया)। कसेसर-कसौंडर नहर मार्ग पर सोमवार दोपहर बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े लोगों पर बिजली गिर गई। चपेट में आए दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
विज्ञापन

सोमवार को कसेसर में साप्ताहिक बाजार लगती है। दोपहर करीब दो बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बताया जाता है कि कसेसर-कसौंडर नहर मार्ग पर मांस की दुकान के पास कुछ लोग मौजूद थे। बारिश से बचने के लिए सभी पास के पेड़ के नीचे खड़े हो गए।
इसी दौरान तेज आवाज के साथ बिजली पेड़ पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से कसौंडर निवासी रंजीत कुमार (32) और सिकंदरापुर निवासी अनुराग कुमार उर्फ गोलू (25) की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन

हादसे में कसौंडर निवासी छोटू कुमार (30) पुत्र स्व. जितेंद्र कुमार तथा सिकंदरापुर निवासी राम नयन राम (50) और अजय कुमार (35) झुलस गए। तीनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
भीमपुरा के थाना प्रभारी रंजीत विश्वकर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था रंजीत : रंजीत कुमार चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी पत्नी गुड्डी देवी और दो पुत्र सत्या व शिवम हैं। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी और बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नौकरी की तैयारी कर रहा था अनुराग : अनुराग कुमार दो भाइयों में सबसे बड़ा था। वह पढ़ाई के साथ ही सरकारी नौकरी के प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसके पिता कमलेश कुमार गांव के ही एक स्कूल में शिक्षामित्र हैं। बेटे की मौत से मां सविता देवी समेत पूरे परिवार में मातम पसरा है। घर के साथ ही गांव में माहाैल गमगीन है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें