ई फाइलिंग व अन्य मांगों के विरोध में न्यायालय के बाहर विरोध करते अधिवक्ताओं को समझाते एसडीएम सदर
- फोटो : BALLIA
बलिया। सिविल कोर्ट के वकीलों ने बुधवार को ई-फाइलिंग के विरोध में कोर्ट के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। इस दौरान जिला प्रशासन के नीतियों के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। वकीलों ने प्रदर्शन के बाद जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी को अपने निर्णय से अवगत कराया।
इस दौरान क्रिमिनल बार के अध्यक्ष देवेंद्र नाथ मिश्र ने कहा कि जिला प्रशासन के मनमाने रवैया के चलते करीब चार माह से कोर्ट बंद हैं। फौजदारी एवं दीवानी के अधिवक्ता फांकाकसी से गुजर रहे हैं। ऐसे में कोर्ट के आला अफसरों ने ई-फाइलिंग की व्यवस्था लागू कर वकीलों के साथ अन्याय किया है। हम दूसरों के लिए न्याय की लड़ाई लड़ते हैं, लेकिन अब हमारी सुनने के लिए कोई नहीं है। क्रिमिनल बार के अध्यक्ष मिश्र ने कहा कि हम इस ई-फाइलिंग का पूरी तरह से विरोध करते हैं। कहा कि वकालत करने वाला हर अधिवक्ता इतना आर्थिक रुप से मजबूत नहीं है कि वह ई-फाइलिंग के लिए लैपटाप और इंटरनेट की सुविधा का लाभ उठा सकेगा। ऐसे में जूनियर एवं मध्यमवर्गीय परिवार के अधिवक्ताओं के लिए यह फरमान मानसिक परेशानी देने वाला है। महामंत्री अविरल कुमार ओझा ने कहा कि हम ई-फाइलिंग का बहिष्कार करते रहेंगे । इस मौके पर कौशल सिंह, शैलेश कुमार सिंह, रामकृष्ण यादव, मनोज राय हंस, शिवाकांत यादव, अरविंद कुमार सिंह, अशोक सिंह, अवध नारायण याऊदव, योगेश्वर यादव, राजथेंद्र सिंह, जेपी सिंह, विनोद कुमार सिंह, मनोज सिंह, विवेकानंद पांडेय, राजेश सिंह, अजय सिंह, अखिलेश सिंह सहित अधिवक्ता मौजूद रहे।