बेरुआरबारी। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमरी रामपुर में बुधवार की रात चोरों ने एक होमगार्ड के घर में पीछे से नकब लगाकर लाखों का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी भोर में तब हुई जब होमगार्ड ड्यूटी से वापस घर लौटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सेमरी रामपुर निवासी होमगार्ड वीरेंद्र रजक के घर के पीछे से बुधवार की रात चोर नकब लगाकर घर के अंदर घुस गए। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखे लाखों के गहने, एक एलईडी टीवी, दो अटैची, एक बड़ा बक्सा, एक ट्राली बैग व 40 हजार नगदी उठा ले गए। यही नहीं चोर ससुराल से आई वीरेंद्र की बेटी पूजा के भी गहने व सामान के साथ पांच हजार नगद भी ले गए। घटना की जानकारी तब हुई जब वीरेंद्र बृहस्पतिवार की भोर में ड्यूटी से घर पहुंचा। पीछे के कमरे में बना बड़ा सा होल देखकर वीरेंद्र ने सभी को जगाया तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। घर से कुछ दूरी पर ही चोरों ने बक्से, अटैची को तोड़ उसमें रखा समान निकाल लिया था और टूटे सामान वहीं छोड़ गए थे।