प्रतापगढ़ से सायकिल से चलकर मजदूर चांददीयर चौराहा पहुंचे कटिहार जा रहे मजदूर ।
- फोटो : BALLIA
जयप्रकाश नगर। लॉकडाउन के एक माह बाद भी विभिन्न जिलों व प्रांतों से मजदूरों का पलायन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। आर्थिक और अन्य तंगी के कारण मजदूर विवश होकर साइकिल या पैदल से घर को निकल रहे हैं।
बिहार राज्य के कटिहार जनपद के परानपुर थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव निवासी राजमोहन महतो, विश्वजीत महतो, प्रभुनाथ महतो, बिरेंद्र महतो, राजाधारी महतो, वीरेंद्र सदेह, रघुवंश सदेह, प्रभु सदेह, पांचरतन सदेह ने बताया कि प्रतापगढ़ जनपद में राजमिस्त्री व लेबर का कार्य करते थे। प्रथम लॉकडाउन में अपने घर से लाए गए चूरा, नमक, मिर्च आदि खाकर काम चलाया। दूसरे लॉकडाउन के प्रथम दिन ही सरकार द्वारा उन्हें दो किलो आटा, दो किलो चावल, आधा किलो दाल , दो सौ ग्राम सरसो तेल, 250 ग्राम नमक मिला था वह भी जब समाप्त हो गया, तब हम लोगों के पास कुछ भी नहीं बचा। इसके बाद हमलोग अपने गांव के लिए 20 अप्रैल को निकल पड़े। इन मजदूरों को मांझी घाट सीमा पर चांददीयर प्रधान द्वारा चूड़ा, गुड़ व मॉस्क दिया गया।