बैरिया। सरकार के आदेश पर कोटेदारों ने जून और जुलाई में अपनी धनराशि लगाकर नियमित राशन का वितरण तो कर दिया लेकिन सरकार की ओर से न दो धनराशि वापस की गई, न ही किसी राशन का कमीशन जारी किया गया। अर्थिक रूप से परेशान कोटेदारों ने शुक्रवार को तहसील में प्रदर्शन किया। धनराशि और कमीशन दिलाने की मांग की।
कोटेदार संघ के तहसील अध्यक्ष रामजी तिवारी ने कहा कि कोरोनाकाल से लेकर अब तक हमलोगों ने कार्डधारकों को लगातार राशन उपलब्ध कराया है। आंगनबाड़ी, प्राथमिक विद्यालय आदि को भी राशन समय से उपलब्ध कराया। वर्तमान में नि:शुल्क वितरित कराए जा रहे रेगुलर अनाज के लिए हमने पूरा पैसा प्रत्येक माह के 15 से 20 तारीख तक जमा कर दिया। बताया गया था कि यह धन वापिस हो जाएगी। पिछले दो माह से हमें धनराशि वापस नहीं की जा रही है। कोटेदार दुर्गेश्वर तिवारी ने कहा कि रेगुलर के दो माह के साथ ही वितरित किए गए अतिरिक्त निशुल्क खाद्यान्न का तीन माह कमीशन का भी भुगतान हम लोगों को नहीं हुआ है। इस मौके पर मुरलीछपरा ब्लॉक अध्यक्ष शिवमंगल सिंह, बीगन सिंह, ध्वजाधारी सिंह, पवन सिंह, रोहित कुमार आदि उपस्थित रहे।
फूड कमिश्नर के यहां से संभागीय वित्त एवं लेखा अधिकारी के यहां कोटेदारों का पैसा आएगा। यहां से कोटेदारों के खाते में पैसा भेजा जाएगा। हमने डिमांड लेटर भेज दिया है। जब तक पैसा नहीं आता अतिरिक्त खाद्यान्न वितरण होगा। 15 अगस्त से पहले कोटेदारों के खाते में पैसा आ जाएगा। इसके बाद रेगुलर खाद्यान्न वितरित होगा। - कृष्णगोपाल पाण्डेय, जिलापूर्ति अधिकारी, बलिया