इंदरपुर। एमडीएम के अंतर्गत शिक्षा क्षेत्र नगरा के 190 परिषदीय विद्यालयों में 30.50 लाख से किचन उपकरण खरीदे जाएंगे। इसके लिए धन जारी कर दिया गया है।
23 विद्यालयों को प्रति विद्यालय 10 हजार के हिसाब से 2.30 लाख, 12 विद्यालयों को 20 हजार प्रति विद्यालय कुल चार लाख, 10 विद्यालयों को प्रति विद्यालय 25000 कुल 2.50 लाख, 145 विद्यालयों को 15000 प्रति विद्यालय कुल 21.75 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी के पत्र के अनुपालन में नगरा के खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों को पत्र भेज कर उपकरण खरीदने का निर्देश दिया है। इस धनराशि से डबल बर्नर भट्ठी, आईएसआई मार्क गैस पाइप जो हर साल बदली जाएगी, एल्युमिनियम-स्टील के भगोने ढक्कन सहित खरीदे जाएंगे। इसके अलावा बड़ी परात, प्रेशर कुकर, स्टील की बाल्टी, लोहे की बड़ी कड़ाही, चिमटे, चकलर, बेलन, बड़े तवे, बड़ी करछुल, बड़े चमचे, हैंडल वाला लोटा, सिलबट्टा, चाकू, छिलनी खरीदे जाएंगे। इसके अलावा आटा चलनी, सूपा, बड़े कैशरोल, छात्र संख्या के अनुसार गिलास, थाली व चम्मच, गेहूं आटा, चावल के लिए एयर टाइट कंटेनर, दाल, चीनी खरीदी जाएगी। सोयाबीन बड़ी के लिए एयर टाइट कंटेनर, लाइटर, साफ सफाई के लिए डस्टर, मारकीन का कपड़ा, बर्तन, कपड़ा धोने का साबुन, वाशिंग पाउडर, झाडू, वाइपर, बर्तन रखने की टोकरी, रैक, अग्निशमन यंत्र खरीदे जाएंगे। यदि किसी विद्यालय में गैस कनेक्शन न हो तो कराया जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी आरपी सिंह का कहना है कि किचन उपकरण खरीदने के लिए हर विद्यालय को धनराशि भेज दी गई है। सभी प्रधानाध्यापक को खरीदने के लिए पत्र भेज दिया गया है। उपभोग प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देशित किया गया है।