--------------
सांसद ने पांच किसानों को दी ट्रैक्टर की चाबी
किसान सम्मान दिवस पर आफिसर्स क्लब में हुआ समारोह का आयोजन
छह कृषकों ने जीता था मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना, एक के निधन से परिजनों को नहीं मिला पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
बलिया। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की जयंती पर बुधवार को ऑफिसर्स क्लब में आयोजित किसान सम्मान दिवस एवं किसान मेला/ प्रदर्शनी
में सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने पांच किसानों को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी। साथ ही उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। एक किसान की मृत्यु हो जाने पर उसका उपहार नहीं दिया जा सका।
सांसद विरेंद्र सिंह मस्त ने फीता काटकर कर समारोह का शुभारंभ किया। तत्पश्चात उन्होंने स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की फोटो पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। जनपद के छह किसानों को फसल उत्पादन में प्रथम स्थान लाने पर मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत पांच किसानों को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी। सांसद ने कहा कि किसान खाता भी है और खिलाता भी है। चौधरी चरण सिंह किसानों के पसीने और मेहनत को सलाम करते थे। उन्होंने कहा कि जो शान से रहता है,वही किसान है। कहा कि उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी से आग्रह कर किसानों के खाते में छ: हजार रुपये भेजने की नियमावली बनवायी और किसानों को 60 वर्ष के बाद पेंशन की व्यवस्था करायी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को हर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं। कार्यक्रम में कृषि से संबंधित यंत्रों दुग्ध विभाग, मछली विभाग, पशुपालन विभाग एवं अन्य विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगायी गयी थी। सूचना विभाग ने एलईडी वैन से शासन की योजनाओं एवं मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया।
किसान गोष्ठी में उप कृषि निदेशक इंद्राज ने आर्गेनिक खेती के अलावा विभिन्न योजनाओं एवं फसलों को रोग से बचाव एवं मिट्टी शोधन की जानकारी दी। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने पशुपालन विभाग की सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं के बारे में बताया। जिला उद्यान अधिकारी नेपाल राम किसानों को बागवानी, सब्जी, फूल, फल एवं पाली हाउस की खेती के बारे में बताया।
इनसेट
एक किसान को नहीं मिला पुरस्कार
प्रगतिशल किसान मुख्यमंत्री उपहार योजना के तहत चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के आशापुर गांव निवासी सर्वदेश्वर यादव का भी चयन हुआ था, लेकिन एक दिसम्बर को अचानक इनका निधन होने उपहार स्वरुप मिलने वाला ट्रैक्टर बुधवार को नहीं मिल सका। मंडी सचिव ने बताया मृत किसान के वारिस द्वारा वरासत की प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत ट्रैक्टर दिया जाएगा।
कृषि बिल के विरोध में कांग्रेसियों ने बजाई थाली
कृषि बिल के विरोध में बुधवार को कांग्रेसियों ने जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में विकास भवन स्थित सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के कार्यालय पर ताली एवं थाली बजाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से कमलेश कुमार सिंह, भैया लल्लू सिंह, रामधनी सिंह, सत्य प्रकाश उपाध्याय मुन्ना, फूल बदन तिवारी,पीएन शुक्ला, हरिकेन्दर सिंह, अरूण कुमार यादव, पारस नाथ बर्मा, विपिन पांडेय, हृदयानंद पांडेय, लालू बिंद, गिरीश कांत गांधी, जैनेन्द्र पांडेय मिंटू, विवेक ओझा, अभिजीत सिंह, हरीश पासवान, धनजी यादव, प्रशांत पांडेय रिंशु, ओम प्रकाश सिंह, जाकिर हुसैन, धीरेन्द्र कुमार ओझा, निर्मला वर्मा, संतोष खरवार , मंटू कुमार आदि शामिल रहे।