बैरिया। तहसील क्षेत्र के 55 हजार किसान अभी भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित हैं। इन किसानों ने अपनी कागजी खानापूर्ति तो करा दी है लेकिन आनलाइन पंजीकरण में दस्तावेज में भिन्नता के कारण उन्हें लाभ से वंचित होना पड़ रहा है।
बैरिया तहसील क्षेत्र में किसान सम्मान निधि योजना में कुल 243038 किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए आनलाइन पंजीकरण कर डाटा फीडिंग किया गया है। इसमें से 190038 किसानों को योजना का लाभ मिल रहा है। शेष 55 हजार किसान आज भी योजना के लाभ के लिए कार्यालयों का चक्कर काट रहे हैं। किसानों का आरोप है कि राजस्व कर्मियों व कृषि विभाग की उदासीनता के कारण हमलोग इस योजना का लाभ पाने से वंचित हैं। इस बाबत कृषि विभाग के अवर अभियंता विश्वजीत ने बताया कि इन किसानों के कागजातों को दुरुस्त कर स्टेट लेवल को भेज दिया गया है जहां से केंद्र सरकार को जाएगा। इसके बाद वहां से स्वीकृति मिलने के बाद उनके खाते में धन आना शुरू हो जाएगा। बताया कि इन 55 हजार किसानों में चार हजार नए पंजीकरण कराने वाले किसान हैं।