बलिया। पूर्वांचल में अब किसान आंदोलन को महापंचायत धार देगी। टिकैत की किसान-मजदूर महापंचायत संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में 10 मार्च को सिकंदरपुर के चेतन किशोर के मैदान में आयोजित महापंचायत की सफलता के लिए अखिल भारतीय किसान महासभा के लोगों ने बृहस्पतिवार सिकंदरपुर के जमुई, भॉटी, किकोढ़ा, गांग किशोर, सीसोटार, भुड़ाडीह, लिलकर, पूर, उससा, आदि गांवों में जाकर व्यापक जनसंपर्क किया और किसान नेता राकेश टिकैत को सुनने के लिए आवाह्न किया।
सिसोटार में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय खेत और ग्रामीण मजदूर सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीराम चौधरी ने कहा कि किसान मजदूर महापंचायत पूर्वांचल में किसान आंदोलन को धार देगी। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल को बेचने के लिए दर-दर की ठोकर खा रहा है। उनका पंजीकरण होने के बाद भी सरकार उनकी धान नहीं खरीदी और समय बीत गया। वहीं, गन्ना किसानों का पिछले एक साल से उनकी फसल का भुगतान चीनी मिलों ने नहीं किया और सरकार किसानों की हित की ढिंढ़ोरा पीट रही है। इस मौके पर लाल साहब, नियाज अहमद, रमाशंकर राम, भागवत बिंद, कन्हैया गोंड, अनिरुद्ध प्रसाद, धर्मेंद्र राजभर, सोमरिया राजभर, सुधीर पासवान, विजय शकर राजभर सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।