वीर लोरिक स्टेडियम में मंगलवार को जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आगाज हुआ। इसका शुभारंभ जिलाधिकारी गोविंद राजू एनएस ने किया। उन्होंने कहा कि गंवई परिवेश में पले-बढ़े इन होनहारों की उपस्थिति अलग ही आभास करा रही है। बेशक ऐसे कार्यक्रमों से इन प्रतिभागियों को न सिर्फ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, बल्कि इनके अंदर टीम भावना भी जागृत होगी।
खेल से शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास भी सम्भव होता है। बीएसए डॉ. राकेश सिंह की अगुवाई में बेसिक शिक्षा विभाग का यह कार्यक्रम नि:संदेह अपने आप में अद्वितीय है। बच्चों के जोश, हौसले ये बता रहे हैं कि उन्हें यदि मजबूत प्लेटफार्म मिले तो ये भविष्य के सचिन तेंदुलकर, साइना नेहवाल हैं। इससे पहले उनके स्वागत में सभी विद्यालयों के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर सलामी दी।
बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। जिलास्तरीय खेल प्रतियोगिता के अवसर पर जिलाधिकारी गोविन्द राजू एनएस ने मतदाता जागरूकता पर शिक्षा क्षेत्र गड़वार के शिक्षक राजनारायण यादव द्वारा तैयार कविता संग्रह की सीडी भी लांच किया। इस मौके पर बीईओ मोतीचन्द चौरसिया, यशवंत सिंह, राकेश कुमार सिंह, ओमप्रकाश दूबे, धर्मेन्द्र कुमार, सुनील कुमार, नीतू सिंह, विनोद सिंह इत्यादि मौजूद रहे।