बभनी। स्थानीय थाना क्षेत्र के इकदीरी गांव के पास रविवार को खड़े ट्रक पर चढ़कर तिरपाल बांधते समय 11 हजार लाइन की चपेट में आने से खलासी पवन कुमार (32) की मौत हो गई। वह जौनपुर के मल्हनी बाजार का निवासी था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से सरिया लादकर ट्रक यूपी आ रहा था। आसनडीह बाॅर्डर पर जांच के दौरान कागजात में कुछ कमी थी। इसके डर से चालक पिपराखाड़ से ट्रक इकदीरी रोड पर ले गया।
कुछ दूर जाने के बाद चालक ने सड़क के किनारे ट्रक खड़ा कर दिया। खलासी पवन ट्रक के ऊपर चढ़कर तिरपाल बांधने लगा। ट्रक के ऊपर से 11 केवी की लाइन गुजरी थी। तिरपाल बांधते समय वह हाईटेंशन लाइन के तार के संपर्क में आ गया।
करंट का झटका लगने से वह ट्रक से गिर पड़ा।
सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर उसकी मौत हो गई। बिजली निगम के अवर अभियंता महेश कुमार ने बताया कि लाइनमैन कृष्णा ने घटना की सूचना मिलते ही बिजली आपूर्ति बंद कर दी थी। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल का कहना है कि घटना की जानकारी खलासी के परिजनों को दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।