नगर के तिखमपुर स्थित कृषि मंडी में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने छापा मारा। इस दौरान टीम के सदस्यों ने कारबाइड से आम पकाते हुए कई दूकानदारों को पकड़ा और सैंपल भी लिए। इस दौरान कृषि मंडी में अफरातफरी मची रही।
जिलाधिकारी मुरली मनोहर लाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जनपद के अलग-अलग स्थानों पर पक्के आमों की जांच की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र वर्मा तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुुमार यादव के नेतृत्व में कृषि मंडी पहुंची टीम ने फलों के गोदामों की जांच की। इस दौरान एक दूकान से आम का सैंपल लिया।
इसी क्रम में बांसडीह कसबा स्थित बाजार में एक फल दूकानदार के यहां खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज श्रीवास्तव ने सेंपल भरा। मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि आम को कारबाइड से पकाना कानून अपराध है। ऐसे दूकानदारों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।