बलिया जिले के बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के अकटहां (छितौनी) से वार्ड-10 के जिला पंचायत सदस्य रमेश वर्मा खुद के अपहरण का मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के बाद गुरुवार को बांसडीह रोड थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराया।
वहीं जिला पंचायत सद्स्य का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें कहा गया है कि स्वेच्छा से रिश्तेदारी में घूमने गए थे। उन्हें पता चला कि उनके पिता ने तीन लोगों के खिलाफ उसके अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। उनका कहना है कि उन्हें किसी ने कहीं भी जबर्दस्ती नहीं रोका था। जिला पंचायत सदस्य के थाने पहुंचने के बाद पुलिस भी सकते में आ गई।
वहीं, सपा कार्यकर्ताओं का हुजूम भी थाने आ गया। कुछ देर के लिए काफी गहमा-गहमी रही। सीओ बांसडीह अशोक त्रिपाठी सुखपुरा पुलिस के साथ थाने पहुंच गए। पुलिस ने सख्ती से सभी को थाने से बाहर कर दिया। पुलिस ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य रमेश वर्मा से अपहरण मामले में पूछताछ की गई है। अभी मामले में छानबीन की जा रही है।