बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक की। जननी सुरक्षा योजना के तहत प्रसूताओं को डिस्चार्ज के दिन ही भुगतान करने का आदेश दिया।
सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों से कहा कि स्वयं एवं स्टाफ समय से अस्पताल पहुंचकर मरीजों को देखें। बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए। बाहर की दवा न लिखी जाए। जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा, मनियर एवं मुरली छपरा में लाभार्थियों के भुगतान में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट की। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थी को अस्पताल से डिस्चार्ज के दिन ही भुगतान कराने के निर्देश दिए। रिक्त पदों पर एएनएम की तैनाती की जाए। आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट की। ग्रामवार ड्यूलिस्ट बनाकर आशा, कोटेदार, पंचायत सहायक एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री की ओर से प्रतिदिन कम से कम दो-दो आयुष्मान कार्ड अवश्य बनाने को कहा। आयुष्मान आरोग्य मंदिर में भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ओजस्वी राज, सीएमओ डॉ. संजीव वर्मन व डीपीएम राजशेखर रहे।
अभियान चलाकर जनपद में कराएं सफाई : डीएम एमपी सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के संबंध में बैठक की। सीएमओ डॉ. संजीव वर्मन ने कहा कि दिनांक 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण तथा 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान संचालित किया जा रहा है।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को माइक्रोप्लान के अनुसार अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों को क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में सफाई की स्थिति ठीक न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट की। डीपीआरओ और ईओ को अभियान चलाकर सफाई कराने एवं बेहतर व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। प्रभारी चिकित्साधिकारियों से कहा कि आशा, संगिनी, एएनएम और आंगनबाड़ी के साथ बैठक कर संचारी रोग नियंत्रण अभियान के विषय में जानकारी एवं उनकी ड्यूटी के प्रति भी जागरूक किया जाए।
जिला कृषि अधिकारी को पंचायत भवनों एवं विद्यालयों में मच्छररोधी पौधे लगवाने तथा जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को अध्यापकों के माध्यम से प्रार्थना के समय बच्चों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक कराने के निर्देश दिए। 30 सितंबर तक प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रत्येक परिवार को एक माह के लिए पर्याप्त क्लोरिन की टेबलेट वितरित कराई जाए। सीडीओ ओजस्वी राज, डीडीओ आनंद प्रकाश थे।