अरोमा होटल लाइट प्वाइंट पर जाम की स्थिति
- फोटो : अमर उजाला
तहसील क्षेत्र का कसबा स्थित बाजार और रानीगंज बाजार आए दिन जाम के झाम से कराहता है। जाम से निजात के लिए कारोबारियों ने कई बार इसकी शिकायत की। बावजूद अब तक जाम से निजात के लिए प्रशासन की ओर से कोई उपाय नहीं किया गया। इसको लेकर क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है।
कई सालों से प्रतिदिन बैरिया कसबा और रानीगंज बाजार में जाम लगता रहता है। लोगों को केवल बाजार पार करने में घंटों समय लग जाता है। ऐसे में आए दिन ट्रेन छूटने के साथ ही विभिन्न कार्य प्रभावित होते रहते हैं। प्रबुद्ध लोगों की माने तो सुरेमनपुर बैरिया सड़क मार्ग के पटरियों पर दूकानदारों ने कब्जा जमा लिया है। रही सही कसर ठेले-खोमचे वाले निकाल देते हैं।
इस वजह से एक भी बड़ा वाहन यदि बाजार में कभी प्रवेश कर गया तो उसको निकलने में दिक्कत होती ही है, साथ ही अन्य लोगों को भी बाजार पार करने में करीब घंटाभर मशक्कत करनी पड़ती है। रानीगंज युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष रोशन गुप्ता का कहना है कि तहसील प्रशासन और पुलिस को पत्रक देकर कई बार जाम से निजात दिलाने की मांग की गई।
कहा गया कि सुबह सात से शाम आठ बजे तक भारी वाहनों के लिए नो इंट्री कर दी जाए लेकिन प्रशासन सुनता ही नहीं। व्यापारी रियाज अंसारी ने कहा कि आम लोग भी अपनी बाइक जैसे-तैसे सड़क की पटरियों पर खड़ी कर देते हैं। इस वजह से जाम लग जाता है।
अजय सिंह का कहना है कि व्यापारी सड़क तक अपना दूकान फैला लिए हैं। अतिक्रमण को प्रशासन हटवा दे तो जाम से निजात मिल सकती है। पूर्व प्रधान धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि खोमचे ठेले वालों के लिए शासन प्रशासन कहीं बाजार की व्यवस्था कर दे तो जाम से निजात पाया जा सकता था।