बलिया। इस्राइल-ईरान युद्ध के मद्देनजर मेडिकल क्षेत्र में नाैकरी के लिए आवेदन प्रक्रिया रोक दी गई है। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एमएसडीसी) ने अगले आदेश तक इस पर रोक लगा दी है। जनपद से इन भर्तियों के लिए सेवायोजन के संगम पोर्टल पर आवेदन लिए जा रहे थे। करीब 100 के आसपास आवेदन हुए थे।
जुलाई में चयन प्रक्रिया की समय सीमा तय की गई थी। रोक लगने पर अब यह चयन कब तक होगा इसको लेकर अभी कुछ निर्देश नहीं जारी किए गए हैं। इस्राइल, जर्मनी, जापान आदि देशों के लिए मेडिकल केयर गिवर के लिए लगभग 5000 से अधिक पदों पर यूपी के सभी जनपदों से आवेदन इसी महीने प्रारंभ हुए थे, लेकिन चयन प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही स्थगित होने से आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों में ऊहापोह की स्थिति है।
हरिपुर के अजय कुमार, चिलकहर के गोविंद कुमार ने बताया कि उनके पास नर्सिंग की डिग्री है। अधिक वेतन पाने के लिए जापान के लिए आवेदन किया है। उम्मीद थी कि जुलाई में चयन और अगस्त में विदेश जाने का मौका मिलेगा, लेकिन प्रक्रिया स्थगित होने से यह नहीं पता कि कब तक प्रक्रिया पूरी होगी और होगी भी अथवा नहीं।