बलिया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2026 के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को देर शाम अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची 18 जुलाई से 13 अगस्त तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी एसडीएम/तहसीलदारों से अपने-अपने तहसील के अंतर्गत आने वाले विकास खंडों में बीएलओ / सुपरवाइजर की नियुक्ति करने के लिए कहा।
कहा कि ग्राम पंचायत में 3000 मतदाता पर एक, 6000 पर दो एवं 9000 तक मतदाता पर तीन बीएलओ की तैनाती की जाए। इसके अलावा न्याय पंचायत स्तर पर सुपरवाइजर की तैनाती की जाए। विकास खंड अधिकारियों को ग्राम पंचायत/ग्राम सचिवालय में एक-एक होल्डिंग तथा आंगनबाड़ी केंद्र / प्राथमिक विद्यालयों में वॉल पेंटिंग कराने के लिए कहा।
इसके अलावा एक अगस्त से ई-रिक्शा के माध्यम से सभी ग्राम पंचायतों में प्रचार-प्रसार कराने का भी निर्देश दिए। डीएम ने तहसीलों में बीएलओ/सुपरवाइजर का प्रशिक्षण कराने और 07 अगस्त तक बीएलओ/सुपरवाइजर की तैनाती और प्रशिक्षण कार्य एवं अन्य व्यवस्थाएं पूर्ण करने को कहा। एसडीएम/बीडीओ को निर्देश दिए कि सभी बीएलओ की व्हाट्सएप ग्रुप ब्लॉकवार बनाने को कहा।
बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, एडीएम अनिल कुमार गुप्ता, सीआरओ त्रिभुवन सिंह, सभी एसडीएम, सभी बीडीओ एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।